उत्तराखंडराजकाजराजनीति

देहरादून में वोटर लिस्ट से हटवाने के लिए 10 हजार से ज्यादा नामों पर आईं आपत्तियां

देेहरादून। जिला निर्वाचन अधिकारी व जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने सोमवार को विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की अब तक की प्रगति से अवगत कराया। साथ ही उन्हें प्रारूप-9, 10, 11ए और 11बी की सूचियां भी सौंपी गईं।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों को सौंपीं विभिन्न प्रारूपों की सूचियां

कलेक्ट्रेट सभागार में विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों और निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के साथ आयोजित बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 13 अगस्त तक जिले में मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए 39 हजार 25 नागरिकों ने प्रारूप-6 में आवेदन किया है। वहीं, मतदाता सूची से नाम हटवाने के लिए प्रारूप-7 में 10 हजार 235 दावे व आपत्तियां प्राप्त हुई हैं। इसके साथ ही मतदाता सूची में विवरण संशोधन के लिए 10 हजार 718 नागरिकों ने प्रारूप-8 में आवेदन प्रस्तुत किए हैं।

मतदाता और आपत्तिकर्ता को रखना होगा अपना पक्ष, गलत घोषणा पर करने वालों पर होगी दंडात्मक कार्रवाई

जिला निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट किया कि प्रारूप-7 के तहत प्राप्त सभी आपत्तियों पर संबंधित बीएलओ संबंधित व्यक्ति को व्यक्तिगत रूप से नोटिस तामील कराएंगे। नोटिस प्राप्त होने के सात दिन बाद ही सुनवाई शिविर आयोजित किया जाएगा। जिलेभर में बूथवार आयोजित होने वाले इन शिविरों में जिस मतदाता के विरुद्ध आपत्ति दर्ज की गई है, उसे और आपत्तिकर्ता, दोनों को अपना पक्ष रखने का पूरा अवसर दिया जाएगा। डॉ. चौहान ने कहा कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार, आपत्तिकर्ता की ओर से ठोस आधार अथवा प्रमाण प्रस्तुत न किए जाने की स्थिति में किसी भी व्यक्ति का नाम मतदाता सूची से नहीं हटाया जाएगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि प्रारूप-7 में मिथ्या घोषणा प्रस्तुत करने वालों के विरुद्ध लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम के प्रावधानों के तहत दंडनीय कार्रवाई की जाएगी।

जिले में अब तक 11 लाख 90 हजार 805 मतदाताओं की मैपिंग हो चुकी पूरी, 5.47 लाख को जारी हुए नोटिस

उन्होंने कहा कि एसआईआर कार्यक्रम अब अपने अंतिम व अत्यंत महत्वपूर्ण चरण में है, ऐसे में सभी राजनीतिक दलों की सक्रिय व रचनात्मक भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की कि जिन नागरिकों को नोटिस तामील किए जाएंगे, उन्हें अपने बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) के माध्यम से संबंधित बूथ तक पहुंचाने में सहयोग करें, ताकि सभी दावे व आपत्तियों का निष्पक्ष, प्रभावी और पारदर्शी ढंग से निस्तारण सुनिश्चित किया जा सके। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 14 जुलाई को प्रकाशित ड्राफ्ट मतदाता सूची के अनुसार जिले में अब तक 11 लाख 90 हजार 805 मतदाताओं की मैपिंग पूरी की जा चुकी है। वर्ष-2003 व वर्ष-2026 की मतदाता सूचियों के मिलान के दौरान विवरण में विसंगति, अपूर्ण जानकारी अथवा डेटा का सही मिलान न होने के कारण 5 लाख 47 हजार मतदाताओं को व्यक्तिगत नोटिस जारी किए गए हैं। इनमें 3 लाख 95 हजार 772 मतदाताओं के विवरण में विसंगति और 1 लाख 52 हजार 170 मतदाताओं की मैपिंग न होने के कारण नोटिस जारी किए गए हैं। बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी व सीडीओ अभिनव शाह, एसडीएम अपर्णा ढौंडियाल, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी नरेंद्र प्रसाद देवली, कांग्रेस के डॉ. जसविंदर सिंह, गोदावरी थापली, प्रशांत खंडूड़ी व सुनील जायसवाल, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के जिला सचिव अनंत आकाश, आम आदमी पार्टी के कमल राणा आदि शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *