बुरी खबर : गैस उपभोक्ताओं की जेब में सेंध लगा रहे हैं गैस चोर, सौड़ा-सरौली में पकड़ में आई चोरी
देहरादून। रविवार को गैस उपभोक्ताओं से जुड़ी जो दूसरी खबर सामने आई, वह चिंता बढ़ाने वाली है। यानी, किस तरह कुछ ‘गैस चोर’ आपकी जेब में सेंध लगा रहे हैं। अक्सर कई गृहणियों की शिकायत रहती है कि सिलेंडर जल्दी खत्म हो गया। शायद, उसमें गैस कम रही होगी। यकीनन, उनकी शिकायत वाजिब होती है। क्योंकि, जिले में ऐसे ‘गैस चोर’ सक्रिय हैं, जो घरों तक पहुंचने से पहले ही सिलेंडरों से गैस चुरा लेते हैं। पूर्व में इस तरह के कई मामले पकड़ में आए हैं, लेकिन इसके बावजूद यह गड़बड़ी रूक नहीं रही है। अब ताजा मामला रविवार को रायपुर के सौड़ा-सरोली क्षेत्र में खााद्य-आपूर्ति विभाग की छापेमारी के दौरान पकड़ में आया।
डीएम के निर्देश पर मारा छापा तो मौके पर सिलेंडर से चुराई गई मिली एक से लेकर साढ़े 6 किलो तक गैस
दरअसल, डीएम डॉ. आशीष चौहान को गैस चोरी संबंधी शिकायत मिली थी। उन्होंने शिकायत का तत्काल संज्ञान लेते हुए क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी संतोष भट्ट को टीम के साथ मौके पर छापेमारी के लिए भेजा। टीम ने ग्राम सौड़ा सरौली में ऑर्डनेंस गैस सेवा (रायपुर) की घरेलू गैस वितरण गाड़ी की जांच की। जांच में पाया गया कि वाहन में कुल 26 घरेलू गैस सिलेंडर थे, इनमें से 4 सिलेंडरों से लगभग 1 किलो से लेकर 6.5 किलो तक गैस निकाली जा चुकी थी। मौके पर स्थानीय लोगों ने भी पुष्टि की कि सिलेंडर वितरित करने वाले कर्मी अवैध रूप से गैस निकाल रहे थे, जिसका वीडियो साक्ष्य भी उपलब्ध कराया गया। टीम को मौके पर गैस एक सिलेंडर से दूसरे में ट्रांसफर करने वाला रीफिलर भी मिला।
दो कर्मचारियों के साथ ही एजेंसी संचालकों के विरूद्ध मुकदमा दर्ज, सभी 26 सिलेंडर गाड़ी समेत जब्त
गैस चोरी की घटना को गंभीरता से लेते हुए टीम ने गैस डिलिवरी वाहन को तत्काल जब्त करके विधिक कार्रवाई शुरू की। संबंधित कर्मचारी जयप्रकाश व रत्नेश के के साथ ही ऑर्डनेंस गैस सेवा (रायपुर) के संचालकों विरुद्ध थाना रायपुर में मुकदमा दर्ज करा दिया गया है। जब्त किए गए सभी 26 सिलेंडर निकटवर्ती सहकारी गैस सेवा में जमा कराए गए हैं। टीम में पूर्ति सहायक विजय भी शामिल रहे। डीएसओ केके अग्रवाल ने कहा है कि उपभोक्ताओं के हितों से खिलवाड़ करने वाले व्यक्तियों व संस्थानों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।

