गढ़वाल मंडल में उल्लास के साथ मनाई गई स्वाधीनता की 79वीं वर्षगांठ, पौड़ी में निकाली गईं प्रभात फेरियां
पौड़ी। स्वाधीनता की 79वीं वर्षगांठ (80वां स्वतंत्रता दिवस) समूचे गढ़वाल मंडल में उमंग और उल्लास के साथ मनाया गया। जिला मुख्यालयों के साथ ही दूर-दराज ग्रामीण क्षेत्रों तक जगह-जगह राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। स्कूली बच्चों ने प्रभात फेरियां निकाली।

मंडल मुख्यालय पौड़ी स्थित पुलिस के गढ़वाल रेंज कार्यालय में अपर पुलिस अधीक्षक (संचार) अनूप काला और एसएसपी ऑफिस में सीओ (पौड़ी) तपेश कुमार ने ध्वजारोहण किया। जिले के सभी थाने-चौकी और फायर स्टेशनों में भी प्रभारियों ने ध्वज फहराया। पुलिस लाइन में आयोजित समारोह में एसएसपी सर्वेश पंवार ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और स्वतंत्रता सेनानियों व शहीदों का स्मरण किया।
टिहरी के पीआईसी मैदान में प्रभारी मंत्री गणेश जोशी ने फहराया तिरंगा, स्कूली बच्चों ने प्रस्तुत किए सांस्कृतिक कार्यक्रम
टिहरी कलेक्ट्रेट में डीएम नितिका खंडेलवाल, पुलिस कार्यालय में एसएसपी श्वेता चौबे और विकास भवन में सीडीओ वरुणा अग्रवाल ने ध्वजारोहण किया। स्वाधीनता दिवस का मुख्य समारोह प्रताप इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित हुआ, जहां जिले के प्रभारी मंत्री गणेश जोशी ने राष्ट्रध्वज फहराया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह अवसर देश के लिए बलिदान देने वाले वीरों और शहीदों को स्मरण करने का है। विधायक किषोर उपाध्याय व डीएम नितिका खंडेलवाल ने टिहरी के इतिहास और योगदान पर प्रकाश डाला। जिला पंचायत अध्यक्ष इशिता सजवाण ने भी विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में स्वतंत्रता सेनानियों व उत्तराखंड आंदोलनकारियों को सम्मानित किया गया। स्कूली छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
उत्तरकाशी के मुख्य समारोह में विधायक और डीएम ने किया ध्वजारोण, पुलिस ने भी जिलेभर में किए आयोजन
उत्तरकाशी जिले में भी शनिवार को हर ओर स्वाधीनता दिवस का उल्लास रहा। कलेक्ट्रेट में आयोजित मुख्य समारोह में गंगोत्री के विधायक सुरेश चौहान और डीएम प्रशांत आर्य ने संयुक्त रूप से ध्वजारोहण कर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को सम्मानित किया। सुबह सबसे पहले जिले भर में छात्र-छात्राओं ने प्रभात फेरी निकालीं। इसके बाद 9 बजे सभी सरकारी कार्यालयों व विद्यालयों के साथ ही अनेक गैरसरकारी भवनों पर भी राष्ट्रध्वज फहराया गया। कलक्ट्रेट में आयोजित मुख्य समारोह में विधायक चौहान व डीएम आर्य ने स्वतंत्रता दिवस की सभी को शुभकामनाएं दीं और देश के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले शहीदों व स्वतंत्रता सेनानियों को याद किया।
इस अवसर पर गोस्वामी गणेशदत्त विद्या मंदिर, ऋषिराम शिक्षण संस्थान और एमडीएस उत्तरकाशी के छात्र छात्राओं ने देशभक्ति से ओत-प्रोत व लोकसंस्कृति पर आधारित कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। पंचतत्व एक पहाड़ी उड़ान के अनुराग नौटियाल और सीओ जनक पंवार ने भी देशभक्ति गीतों से माहौल में जोश भरा। उत्तरकाशी पुलिस ने भी जिले भर में स्वाधीनता दिवस उल्लास के साथ मनाया। यमुनोत्री व गंगोत्री धाम सहित पुलिस लाइन ज्ञानसू, पुलिस कार्यालय और सभी कोतवाली, थाने-चौकियों व फायर स्टेशन में राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया।
पुलिस लाइन में आयोजित पुलिस के मुख्य समारोह में एसपी कमलेश उपाध्याय ने ध्वजारोहण किया और सभी पुलिस अधिकारियों व जवानों को शपथ दिलाई। उन्होंने कर्तव्यनिष्ठा, उत्कृष्ट सेवा, विशिष्ट कार्य व सराहनीय योगदान के लिए पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क से सम्मानित उत्तरकाशी पुलिस के अधिकारियों व जवानों को बधाई दी। गौरतलब है कि एसपी कमलेश उपाध्याय को वर्ष-2026 के लिए डीजी की प्रशस्ति डिस्क ‘गोल्ड’ और कोतवाली धरासू की मुख्य आरक्षी बीना चौधरी व थाना मोरी के आरक्षी लायवर सिंह को प्रशस्ति डिस्क ‘सिल्वर’ प्रदान की गई है। समारोह में एसपी ने पूर्व में सम्मानित 11 अधिकारियों व कर्मचारियों को भी मेडल से अलंकृत किया।
हरिद्वार के मुख्य समारोह में डीएम ने स्वतंत्रता सेनानियों, उनके परिजनों और राज्य आंदोलनकारियों को किया सम्मानित
हरिद्वार जिला मुख्यालय रोशनाबाद में डीएम मयूर दीक्षित ने ध्वजारोहण किया और स्वतंत्रता संग्राम के सेनानियों के संघर्ष व बलिदानों को कृतज्ञतापूर्वक याद किया। उन्होंने कलेक्ट्रेट परिसर में लाल चंदन का पौधा भी रोपा। ध्वजारोहण से पूर्व देशभक्ति गीत वंदेमातरम का सामूहिक गायन किया गया। डीएम ने समारोह में स्वाधीनता सेनानियों व उनके परिजनों और राज्य आंदोलनकारियों को सम्मानित किया। इनमें स्वतंत्रता सेनानी जितेंद्र रघुवंशी, भारत भूषण विद्यालंकार, वीरेंद्र गहलोत, अर्जुन सिंह राणा, आशिक कुमार चौहान, कृष्ण गोपाल पंत, सुनीता त्रिपाठी, सरिता नेगी पंवार (सेवानिवृत विंग कमांडर), राज्य आंदोलनकारी हयात सिंह रावत व जसवंत सिंह बिष्ट शामिल रहे।
छात्र-छात्राओं ने इस अवसर पर सांस्कृति कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। समारोह में सीडीओ ललित नारायण मिश्र, एडीएम (प्रशासन) जितेंद्र कुमार, एडीएम (वित्त एवं राजस्व) वैभव गुप्ता, वरिष्ठ कोषाधिकारी अजय कुमार, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत, जिला सूचनाधिकारी रती लाल शाह भी मौजूद रहे।

