उत्तराखंडआदेश-निर्देशराजकाज

देहरादून और हल्द्वानी में सील किए गए मदरसे, बिना मान्यता लिए हो रहा था संचालन, प्रदेश में अब तक 20 के विरूद्ध कार्रवाई

देहरादून। प्रदेश में निर्धारित मान्यता व शैक्षणिक मानकों का अनुपालन न करने वाले मदरसों के विरुद्ध राज्य सरकार की कार्रवाई लगातार जारी है। शनिवार को देहरादून और हल्द्वानी में बिना मान्यता के संचालित 5 मदरसों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।

देहरादून में एक मदरसे पर लगी सील, दो ने बंद करने के लिए दी लिखित अंडरटेकिंग

अल्पसंख्यक मामलों के सचिव डॉ. पराग मधुकर धकाते ने बताया कि देहरादून में तीन मदरसों के संबंध में कार्रवाई की गई। इनमें आजाद कॉलोनी स्थित मदरसा जामिया-तुस-सलाम अल-इस्लामिया को सील किया गया, जबकि मदरसा दार-ए-अरकम व मदरसा दारूल उलूम रहीमिया के प्रबंधकों ने मदरसों का संचालन बंद करने की लिखित अंडरटेकिंग दी है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में अब तक 17 मदरसों को सील किया जा चुका है, जबकि तीन मदरसों के प्रबंधकों ने संचालन बंद किए जाने की लिखित सूचना दी है। इस प्रकार अब तक कुल 20 बिना मान्यता संचालित मदरसों का संचालन बंद कराया गया है।

हल्द्वानी में दो मदरसों के विरूद्ध हुई सीलिंग की कार्रवाई

इसी क्रम में नैनीताल जिले के हल्द्वानी में शनि बाजार रोड, गौजाजाली उत्तर स्थित मदरसा जामिया नूरिया बरकाते आमिना और इंदिरा नगर, बनभूलपुरा में संचालित बिना मान्यता प्राप्त मदरसे को भी सील किया गया है। हल्द्वानी के सिटी मजिस्ट्रेट एबी वाजपेयी ने बताया कि संबंधित मदरसा प्रबंधकों को मान्यता से जुड़े आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत करने के लिए कहा गया था। निर्धारित दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर नियमानुसार सीलिंग की कार्रवाई की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *