स्कूलआदेश-निर्देशउत्तराखंडछात्र-युवा

कांवड़ के कारण सभी स्कूल-कॉलेज 13 दिन तक रहेंगे बंद, पूरे मेला क्षेत्र की निगहबानी के लिए 6 हजार जवान तैनात

हरिद्वार। जिले में 13 दिन तक सभी स्कूल-कॉलेज व तकनीकी शिक्षण संस्थान बंद रहेंगे। ऐसा कांवड़ यात्रा की वजह से होने जा रहा है। हरिद्वार के डीएम मयूर दीक्षित ने अवकाश संबंधी आदेश जारी किया है। इस बीच, पुलिस और पैरा मिलिट्री फोर्सेज के 6 हजार से ज्यादा जवानों की तैनाती कांवड़ मेले की निगहबानी के लिए की गई है।

डीएम की ओर से जारी आदेश के अनुसार, कांवड़ मेले के दौरान कांवड़ यात्रियों के सुचारु व सुरक्षित आवागमन के लिए विभिन्न मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन और मार्ग बंद किए जाने की व्यवस्था लागू रहेगी। मेले की चरम अवधि में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के कारण छात्र-छात्राओं को विद्यालय आने-जाने में होने वाली संभावित कठिनाइयों व सुरक्षा संबंधी पहलुओं को दृष्टिगत रखते हुए जिले के सभी सरकारी व गैर-सरकारी विद्यालयों, सभी उच्चशिक्षण संस्थानों, प्राविधिक व तकनीकी शिक्षण संस्थानों और आंगनबाड़ी केंद्रों में 30 जुलाई से 11 अगस्त तक शैक्षणिक कार्य का अवकाश घोषित किया गया है।

डीएम ने निर्देश दिए हैं कि अवकाश अवधि के दौरान छात्र-छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए सभी शिक्षण संस्थान ऑनलाइन शिक्षण कार्य का संचालन सुनिश्चित करें। उन्होंने संबंधित विभागों व सभी शिक्षण संस्थानों के प्रबंधकों और प्रधानाचार्यों को निर्देशित किया है कि उक्त आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि कांवड़ मेले के दौरान यातायात व्यवस्था, जनसुरक्षा व विद्यार्थियों के हितों का प्रभावी ढंग से संरक्षण किया जा सके।

रोशनाबाद पुलिस लाइन में आला अधिकारियों ने की फोर्स की ब्रीफिंग

वहीं दूसरी ओर, कांव़ड़ यात्रा की सुरक्षा के लिए व्यापक बंदोबस्त किया गया है। पूरे जिले में सुरक्षा का जिम्मा 6 हजार से ज्यादा जवानों पर रहेगा। इनमें 13 कंपनी पैरामिलिट्री फोर्स भी तैनात रहेंगी। सुरक्षा और व्यवस्था के लिहाज से पूरे मेला क्षेत्र को 18 सुपर जोन, 40 जोन और 141 सेक्टर में बांटकर तैनाती की गई है। हरिद्वार के एसपी सिटी को कांवड़ मेला का नोडल ऑफिसर बनाया गया है, जबकि ग्रामीण क्षेत्र की जिम्मेदारी एसपी देहात को दी गई है। एसपी ट्रैफिक को यातायात प्रबंधन व डायवर्जन प्लान का जिम्मा सौंपा गया है। संपूर्ण मेला क्षेत्र की आसमान से निगरानी के लिए 10 ड्रोन लगाए गए हैं। सीसीटीवी कैमरो के जरिए कंट्रोल रूम से निरंतर नजर रखी जाएगी। फायर सर्विस की भी 24 घंटे तैनाती रखी गई है।

मेले के दौरान सराहनीय ड्यूटी करने वाले जवानों का उत्साहवर्धन करने के लिए उन्हें प्रतिदिन सम्मानित किया जाएगा। यात्राकाल में पुलिस वेलफेयर के लिए अलग से टीम तैनात की गई है। हरिद्वार केे रोषनाबाद स्थित पुलिस लाइन में शनिवार को प्रदेष के अपर पुलिस महानिदेषक (कानून व्यवस्था) वी. मुर्गेशन की अध्यक्षता में पुलिस व प्रषासन के अधिकारियों ने फोर्स की ब्रीफिंग की।

कांवड़िया, जेबकतरा व भिखारी स्क्वाड भी रहेगा तैनात

कांवड़ मेले की सुरक्षा के लिए सामान्य फोर्स के साथ ही बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वाड आदि तो तैनात रहेंगे ही साथ ही कांवड़ियों के भेष में भी पुलिस का स्क्वाड तैनात किया गया है। इस स्क्वॉड के 40 जवान मेला क्षेत्र में कांवड़ियों के बीच कांवड़िया बनकर निगरानी करेंगे। इसके अलावा एक जेबकतरा व भिखारी स्क्वाड भी तैनात किया गया है। डूबने से बचाने के लिए 19 गोताखोरों समेत जल पुलिस की 5 और एसडीआरएफ की टीमों की तैनाती की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *