Tuesday, November 10, 2026
Latest:
उत्तराखंडआस्था स्थलचारधाम अपडेटतीर्थाटनदेवभूमि दर्शन

गंगोत्री-यमुनोत्री में उमड़ा जन सैलाब, सभी अफसर उतारे गए फील्ड में, डीएम ने खुद संभाला कंट्रोल रूम

उत्तरकाशी। गंगोत्री व यमुनोत्री धाम की तरफ रविवार को अभूतपूर्व रूप से बहुत बड़ी संख्या में तीर्थयाात्रियों का रेला उमड़ रहा है। दोपहर 2 बजे तक गंगोत्री धाम में करीब 10 हजार श्रद्धालु दर्शन कर चुके थे और विभिन्न जगहों से लगभग 28  हजार यात्री गंगोत्री की ओर बढ़ रहे हैं। वहीं, यमुनोत्री धाम में भी दोपहर 2 बजे तक तक साढे 8 हजार से ज्यादा लोग दर्शन कर चुके थे। इसके अलावा बीस हजार से ज्यादा श्रद्धालु विभिन्न पड़ावों से यमुनोत्री मार्ग पर आगे बढ़ रहे हैं। तीर्थयात्रियों का सैलाब उमड़ते देख उत्तरकाशी प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है।  यात्रा व्यवस्था से जुड़़े सभी अधिकारियों को दोनों धामों व उनके यात्रा रूटों पर उतार दिया गया है। उत्तरकाशी के डीएम डॉ. मेहरबान सिंह बिष्ट ने खुद नियंत्रण कक्ष की कमान संभाल ली है और लगातार दिशा-निर्देश दे रहे हैं।

गंगोत्री में दोपहर तक 10 और यमुनोत्री में 8.5 हजार यात्री कर चुके दर्शन, करीब 50 हजार यात्री बढ़ रहे धामों की ओर

उत्तरकाशी प्रशासन की ओर से बताया गया है कि भीड़ को देखते हुए यात्रा मार्गों व पड़ावों पर सुविधाओं को बढ़ाया जा रहा है। सुरक्षा व्यवस्था व ट्रैफिक संचालन को नियंत्रण में बनाए रखने के लिए सभी एहतियाती उपाय सुनिश्चित किए जा रहे हैं। रिकॉर्ड  संख्या में तीर्थयात्रियों के आगमन के बावजूद यात्रा सुचारू और सुव्यस्थित रूप से संचालित हो रही है। अधिकारियों को यात्रा मार्गों और धामों में निरंतर तैनात रहने को कहा गया है।  वाहनों का आवागमन भी व्यवस्थित बना है। रविवार 2 बजे तक गंगोत्री धाम में 1100 वाहन व 9900 यात्री मौजूद थे। इसी अवधि में यमुनोत्री धाम व इसके पैदल मार्ग पर भी लगभग 8500 तीर्थयात्री मौजूद थे। जबकि, यमुनोत्री के आखिरी पड़ाव जानकीचट्टी-खरसाली में भी लगभग 500 वाहन और 4500 श्रद्धालु मौजूद हैं। दोनों धामों की ओर कुल 50 हजार के आसपास यात्री दोपहर बाद तक बढ़ रहे थे।

कंट्रोल रूम निरंतर एक्टिव, एसपी ने अफसरों से व्यवस्थाओं पर लगातार कर रहे विचार विमर्श

जिला मुख्यालय में स्थापित यात्रा नियंत्रण कक्ष से धामों व मार्गों की स्थिति पर सीसीटीवी फीड के माध्यम से निरंतर नजर रखी जा रही है। यह नियंत्रण कक्ष 24 घंटे काम कर रहा है। यात्रियों की भीड़ बढने के साथ ही निगरानी व्यवस्थाओं को भी लागातार बढ़ाया जा रहा है। उत्तरकाशी के एसपी अर्पण यदुवंशी ने भी यात्रियों की रिकार्ड संख्या को देखते हुए सुरक्षा व भीड़़ प्रबंधन और ट्रैफिक नियमन को लेकर अधिकारियों से विचार-विमर्श कर व्यवस्था बनाए रखने के लिए निर्देश जारी किए हैं। गंगोत्री क्षेत्र के सुपर जोनल मजिस्ट्रेट जय किशन सुबह से ही नगुण होते हुए गंगोत्री मार्ग के विभिन्न पड़ावों का निरीक्षण करने और व्यवस्थाओं को बनाने में जुटे हैं। गंगोत्री के सेक्टर अधिकारी और एसडीएम बृजेश कुमार तिवारी भी गंगोत्री क्षेत्र में मौजूद रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं।

सुपर जोनल मजिस्ट्रेट और पुलिस के सीओ भी विभिन्न पदों  पर व्यवस्था में जुटे

यमुनोत्री क्षेत्र के लिए तैनात सुपर जोनल मजिस्ट्रेट व टिहरी के मुख्य विकास अधिकारी अभिषेक त्रिपाठी जानकीचट्टी से यमुनोत्री के बीच पैदल मार्ग की व्यवस्थाओं को चुस्त-दुरस्त बनाए रखने के साथ ही अतिरिक्त व्यवस्थाओं को जुटाने व यात्रियों की भीड़ के प्रबंधन को लेकर अधिकारियों की टीम के साथ मौके पर तैनात हैं। इस सिलसिले में उन्होंने आज यमुनोत्री धाम का दौरा करने के साथ ही पैदल मार्ग की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। साथ में उप जिलाधिकारी बड़कोट मुकेश चंद रमोला और जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी का कार्यभार देख रहे उप जिलाधिकारी डुंडा नवाजिश खलीक ने भी यमुनोत्री धाम का दौरा कर जानकीचट्टी में ही डेरा डाल लिया है।
पुलिस व प्रशासन की ओर से स्थिति का आकलन करने के बाद होल्डिंग प्वाईंट्स, गेट व वन-वे व्यवस्था को लेकर काफी सावधानी बरती जा रही है। अतिरिक्त संख्या में पुलिस, होमगार्ड्स व पीआरडी के जवान धामों व यात्रा रूटों पर तैनात किया गया है। यमुनोत्री रूट पर जानकीचट्टी व धाम क्षेत्र में सीओ एसएस भंडारी सुरक्षा व ट्रैफिक व्यवस्था को संभालने में जुटे हैं। यात्रा ड्यूटी के लिए बड़कोट में सीओ एसपी बडोनी को तैनात किया गया है। जबकि, गंगोत्री क्षेत्र में डिप्टी एसपी प्रशांत कुमार पुलिस से संबधित व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद बनाए रखने में जुटे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *