ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट: सीएम ने की तैयारियों की समीक्षा, सचिवालय में शुक्रवार को अवकाश
देहरादून। उत्तराखंड ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2023 की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शुक्रवार से यहां एफआरआई परिसर में आरंभ हो रहे दो दिवसीय समिट का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। वीरवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने सरकारी आवास पर आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में तैयारियों की समीक्षा की।

बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को देश-विदेश से आने वाले सभी निवेशकों के लिए ‘अतिथि देवो भव:’ की भावना के साथ समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के विकास के दृष्टिगत वैश्विक निवेशक सम्मेलन एक महत्वपूर्ण सोपान है, जो ‘सर्वश्रेष्ठ उत्तराखंड’ की यात्रा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
8 दिसंबर के अवकाश के एवज में 16 दिसंबर को खुला रहेगा सचिवालय

इस बीच, इन्वेस्टर्स समिट को देखते हुए सचिवालय में शुक्रवार (8 दिसंबर) को अवकाश घोषित कर दिया गया है। सचिवालय संघ ने इस संबंध में मांग की थी। संघ की मांग पर सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव विनोद कुमार सुमन की ओर से इस संबंध में आदेश जारी कर दिए गए हैं। आदेश में कहा गया है कि 8 दिसंबर के अवकाश की एवज में सचिवालय 16 दिसंबर (शनिवार) को खुला रहेगा और सामान्य दिनों की ही भांति कार्य होगा। गौरतलब है कि 8 दिसंबर के अवकाश के बाद 9 को शनिवार और 10 को रविवार है। इन दोनों दिन सचिवालय में पहले से ही अवकाश रहता है।

