फिर हटेगा दून की सड़कों से अतिक्रमण, डीएम ने चिह्नित करने के दिए निर्देश
देहरादून। डीएम सोनिका ने शनिवार को शहर के विभिन्न हिस्सों में संचालित निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सड़कों पर बॉटल नेक न बनने देने के लिए पीडब्ल्यूडी और नगर निगम को सड़क किनारे अपनी भूमि से अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने राजस्व विभाग के अधिकारियों के साथ संयुक्त निरीक्षण करते हुए सड़कों पर अतिक्रमण चिह्नित कर उन्हें हटाने की कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने प्रस्तावित इन्वेस्टर्स समिट को देखते हुए सभी तरह के निर्माण कार्य और सौंदर्यीकरण कार्य समय पर पूरे करने के निर्देश दिए।
विभिन्न क्षेत्रों का किया निरीक्षण, निर्माण कार्य शीघ्र पूरा करने के दिए निर्देश
डीएम ने घंटाघर चौक क्षेत्र, किशन नगर चौक, दून स्कूल चौक, बिंदाल पुल, नटराज, गांधी रोड, प्रिंस चौक, हरिद्वार रोड, आराघर, ईसी रोड, सर्वे चौक व यूके लिप्टस चौक का निरीक्षण करते हुए स्मार्ट सिटी परियोजना लिमिटेड के कार्यों का भी जायजा लिया। डीएम सोनिका ने निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों को तेज गति से पूरा करते हुए नाली निर्माण और सड़क चौड़ीकरण किया जाए। उन्होंने विद्युत लाइन अंडरग्राउंड करने, झूलती तार ठीक करने, विद्युत पोल शिफ्टिंग के काम भी जल्द निपटाने को कहा। उन्होंने एक सप्ताह के भीतर सीएसएस के लिए भूमि चिह्नित करने के ऊर्जा निगम को निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट प्रत्यूष सिंह, सीजीएम जगमोहन चौहान, पीयू स्मार्ट सिटी लिमिटेड के परियोजना प्रबंधक प्रवीण कुश, ऊर्जा निगम के अधिशासी अभियंता गौरव सकलानी, तहसीलदार सदर मोहम्मद शादाब आदि मौजूद रहे।

