केंद्रीय मंत्री से सीएम ने मांगी पशुधन बीमा योजना की बकाया राशि
नई दिल्ली। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने नई दिल्ली दौरे के दूसरे दिन रविवार को केंद्रीय मत्स्य, पशुपालन एवं डेयरी मंत्री परुषोत्तम रूपाला से भेंट की। इस दौरान उन्होंने केंद्रीय मंत्री से उत्तराखंड में पशुपालन और डेयरी से संबंधित विषयों पर चर्चा करने के साथ ही नेशनल लाईवस्टॉक मिशन योजना के अंतर्गत पशुधन बीमा की शेष धनराशि जारी करने और राज्य में संचालित सचल पशुचिकित्सा वाहन की सेवाएं शेष 35 विकासखंडों में भी उपलब्ध कराए जाने का आग्रह किया। केंद्रीय मंत्री रूपाला ने मुख्यमंत्री को हर संभव सहयोग के प्रति आश्वस्त किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत सरकार उत्तराखंड के सीमांत पर्वतीय व मैदानी क्षेत्रों के पशुपालकों के लिए नेशनल लाईवस्टॉक मिशन योजना के अंतर्गत पशुधन बीमा का संचालन कर रही है। योजना के अंतर्गत स्वीकृत 40 करोड़ रूपये के सापेक्ष वित्तीय वर्ष 2022-23 में 14 करोड़ 26 लाख 25 हजार रूपये प्राप्त हुए थे। इसमें केंद्रांश 8 करोड़ 67 लाख 66 हजार रूपये और राज्यांश 5 करोड़ 58 लाख 59 हजार रूपये था। योजना के अंतर्गत राज्य में पशुधन बीमा के लक्ष्य के सापेक्ष कुल 1,45,451 पशुओं का बीमा किया जा चुका है। मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री से स्वीकृत योजना के लक्ष्यों की प्राप्ति के लिये स्वीकृत बजट की शेष धनराशि उपलब्ध करवाने का अनुरोध किया।
35 ब्लॉक के लिए पशु चिकित्सा वाहन भी मांगे
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत सरकार की ओर से उत्तराखंड में पशुपालक के द्वार पर आधुनिक तकनीकी की चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 60 सचल पशु चिकित्सा वाहन संचालित किए जा रहे हैं। इनके माध्यम से 58,392 पशुओं की चिकित्सा पशुपालको के द्वार की पर की गई है। मुख्यमंत्री ने राज्य के शेष 35 विकासखंडों में भी इसी प्रकार की सेवाओं के लिए 786.94 लाख रूपये उपलब्ध कराने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इसमें 764.246 लाख रूपये का केंद्रांश और 22.694 लाख रूपये का राज्यांश रहेगा। उन्होंने भेड़-बकरियों को वर्ष-2030 तक पीपीआर मुक्त करने की महत्वाकांक्षी टीकाकरण योजना के लिए उत्तराखंड को वैक्सीन की 14 लाख डोज मुहैया कराने का भी आग्रह किया।

