हेमकुंड पैदल मार्ग पर हिमस्खलन की चपेट में आई महिला का शव बर्फ में दबा मिला
जोशीमठ। हेमकुंड साहिब यात्रा मार्ग पर रविवार शाम हिमस्खलन होने से बर्फ के नीचे दबी महिला का शव सोमवार सुबह बरामद कर लिया गया। महिला रविवार शाम से ही लापता थी।

हेमकुंड साहिब के दर्शन कर लौट रहा आखिरी जत्था रविवार शाम करीब छह बजे अटलाकोटि में हिमस्खलन होने से फंस गया था। यह स्थान हेमकुंड साहिब से करीब एक किलोमीटर नीचे है। सूचना मिलते ही यात्रा मार्ग पर पहले से तैनात एसडीआरएफ ने तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और दो किशोरियों समेत तीन महिलाओं और दो पुरुषों को रविवार रात ही रेस्क्यू कर लिया। इन पांचों लोगों को घांघरिया पहुंचा दिया गया था। जबकि, लापता महिला की तलाश में देर रात तक चलाया गया ऑपरेशन पुनः हिमस्खलन की आशंका के बीच रोक दिया गया।
सोमवार तड़के एसडीआरएफ ने फिर से सर्चिंग शुरू की। इस दौरान महिला के बर्फ के नीचे काफी गहराई में दबे होने का पता चला। काफी मशक्कत के बाद एसडीआरएफ ने उक्त महिला श्रद्धालु के शव को क्रेवास से निकाल लिया। मृत महिला की पहचान 37 वर्षीय कमलजीत कौर पत्नी जसप्रीत सिंह, निवासी अमृतसर, पंजाब के तौर पर हुई।

