तीनधारा में बोलेरो और ट्रॉला में भिड़ंत से 2 की मौत, 4 घायल
देवप्रयाग/त्यूणी। ऋषिकेश-बदरीनाथ नेशनल हाईवे-58 और चकराता-त्यूणी हाइवे पर हुए अलग-अलग हादसों में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 यात्री घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, वीरवार दोपहर टिहरी जिले में ऋषिकेश-बदरीनाथ हाइवे पर तीनधारा के समीप यात्रियों से भरी बोलेरो और ट्राला में भिड़ंत हो गई। इस दुर्घटना में बोलेरो सवार दो यात्रियों की मौत हो गई। दुर्घटना पूर्वाह्न करीब 11 बजे उस वक्त हुई जब ऋषिकेश की ओर से आ रही बोलरो ने ट्राला को ओवरटेक करने का प्रयास किया। दुर्घटना में बोलेरो चालक सोहन सिंह पुंडीर पुत्र दानवीर सिंह निवासी ग्राम- चलेडी बडयारगढ़, कीर्तिनगर (28 वर्ष) और रमेश पुत्र जसवंत निवासी बीसलपुर, जिला पीलीभीत यूपी (50 वर्ष) की मौत हो गई। जबकि, महेश वर्मा पुत्र रामदीन वर्मा (45 वर्ष), धर्मपाल पुत्र रामखिलावन (30 वर्ष), महेंद्र पुत्र कोमिल सिह (25 वर्ष), नरेश पुत्र डोरीलाल सभी निवासी बीसलपुर, पीलीभीत, यूपी घायल हो गए, जिन्हे उपचार के लिए सीएचसी बागी में भर्ती कराया गया है।

त्यूणी रोड पर कार गिरने से 6 घायल
वहीं दूसरी ओर, दोपहर करीब 2 बजे चकराता-त्यूणी मार्ग पर देहरादून की ओर से त्यूणी आ रही कार राजस्व क्षेत्र दारागाढ़ के पास सड़क से 10 फीट नीचे गिर गई। दुर्घटना में कार सवार चालक सहित छह लोगों को चोटें आईं। घटना का कारण स्टेरिंग फेल होना बताया जा रहा है।
त्यूणी पुलिस के अनुसार, घायल नरेश शाह पुत्र दलजीत सिंह, निवासी ग्राम बागी, त्यूणी (35 वर्ष), साधना शाह पत्नी नरेश शाह (30 वर्ष), नैनिका पुत्री नरेश शाह (डेढ वर्ष) सभी निवासी बागी, आस्था पुत्री संतोष सिंह निवासी नेटवाड थाना मोरी जनपद उत्तरकाशी (12 वर्ष), हरीश शाह पुत्र राजेंद्र शाह निवासी ग्राम बागी, त्यूणी (20 वर्ष) और आरजू् पुत्री महावीर निवासी हरियाणा (15 वर्ष) को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र त्यूणी ले जाया गया।

