उत्तराखंडदुर्घटना

खाड़ी-चाका मार्ग पर कार खाई में गिरी, गजा निवासी दंपति की मौत

गजा (टिहरी)। खाड़ी-गजा मोटर मार्ग पर शनिवार दोपहर एक कार 500 मीटर गहरी खाई में गिर गई। हरियाणा नंबर की कार में गजा निवासी दंपति सवार थे। दोनो की मौके पर ही मौत हो गई। एसडीआरएफ, गजा पुलिस और तहसील प्रशासन ने काफी मशक्कत के बाद शवों को खाई से निकाला।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा गजा बाजार से दो किलोमीटर आगे खाड़ी की ओर बंगुपानी क्षेत्र में हुआ। कार में गजा के भलियापानी निवासी प्रीतम सिंह उर्फ पृथा पुत्र मोर सिंह (52 वर्ष) और उनकी 40 वर्षीय पत्नी भरोसी देवी सवार थे, जिनकी इस हादसे में जान चली गई।

शुक्रवार को घनसाली क्षेत्र में हो गई थी पांच की मौत

पिछले 24 घंटे में टिहरी जिले में यह दूसरा सड़क हादसा है। गौरतलब है कि बीते शुक्रवार को घनसाली तहसील के सेंदुल-कोंती-किरेथ मार्ग पर कोठियाडा के समीप कार खाई में गिरने से वृद्ध दंपति समेत पांच लोगों की मौत हो गई थी। इनमें चार महिलाएं थीं। सभी उम्रदराज थे और एक ही परिवार के सदस्य थे। मृतकों की शिनाख्त गबर सिंह पुत्र थेपड सिंह (63 वर्ष), बबली देवी पत्नी गबर सिंह (59 वर्ष), तुलसी देवी पत्नी भगवान सिंह (65 वर्ष), सोना देवी पत्नी सरोप सिंह (55 वर्ष) और उर्मिला देवी पत्नी राय सिंह (50 वर्ष) के रूप में हुई। सभी घनसाली तहसील की नैलचमी पट्टी के ग्राम होल्टा निवासी थे, जो अपने किसी रिश्तेदार के निधन पर शोक-संवेदना प्रकट करने के बाद गांव लौट रहे थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *