पटेलनगर फायरिंग कांड में 4 युवक गिरफ्तार, दोनों पक्षों के 11 नामजद समेत कई के खिलाफ मुकदमा दर्ज
देहरादून। पटेल नगर कोतवाली क्षेत्र में वीरवार को दिन-दहाड़े दो गुटों के बीच सरेराह हुई गोलीबारी के मामले में पुलिस ने चार और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना का मुख्य आरोपी गुरमीत सिंह अभी भी पुलिस की पकड़ से बाहर है।
वीरवार दोपहर पटेलनगर में दैनिक जागरण कार्यालय के भी के सामने पुराने विवाद के चलते युवकों के दो गुटों में मारपीट और गोलीबारी होने से शहर में सनसनी फैल गई। इसके कुछ देर बाद इन्हीं गुटों के बीच शिमला बायपास क्षेत्र में भी गोलीबारी की घटना हुई, जिसमें बिजनौर निवासी युवक साहिल गोली लगने से घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के एक पक्ष में सुजल, अशुंल, आदित्य, आर्यन, विशाल, दक्ष, साहिल व अन्य युवक, जबकि दूसरे गुट में गुरमीत, रमन, अमन व रोहित आदि शामिल थे।
पुलिस ने दोनो पक्षों के 11 नामजद व अन्य अज्ञात युवकों के विरूद्व विभिन्न आपराधिक धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। बीते रोज पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार कर लिया था। शुक्रवार को मामले में चार और आरोपी गिरफ्तार कर लिए गए। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार युवकों में 21 वर्षीय सूजल पाल पुत्र अरविंद कुमार निवासी जलालाबाद भवन, जिला शामली (उत्तर प्रदेश), 23 वर्षीय आदित्य मलिक पुत्र कविंद्र मलिक निवासी चंद्रणी कौशल्या एनक्लेव, पटेलनगर, 23 वर्षीय अंशुल पुत्र शिव कुमार निवासी शिकारपुर थाना मंगलौर, जिला हरिद्वार हाल पता मेडिकल कॉलेज के पास पटेलनगर व 22 वर्षीय आर्यन पुत्र कुलवीर सिहं निवासी बरसी थाना तीतरो जिला सहारनपुर (उप्र) शामिल हैं।
वहीं दूसरी ओर, बाहरी छात्रों के बढ़ते हुड़दंग को देखते हुए पुलिस ने वीरवार देर रात प्रेमनगर क्षेत्र के तमाम हॉस्टल और पीजी में छापेमारी की। चार छात्रों को पुलिस थाने ले आई। पुलिस ने चेतावनी दी कि छात्रों के आपराधिक घटना में संलिप्त होने पर उनके साथ ही हॉस्टल व पीजी संचालक के विरुद्ध भी कार्रवाई की जाएगी। इस बीच, एसएसपी प्रमेंद्र डोभाल ने बढ़ते अपराधों के मद्देनजर सभी पुलिस अधिकारियों और थाना- चौकी प्रभारियों की बैठक ली और उन्हें अपराधों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त रवैया अख्तियार करने के निर्देश दिये।
