देहरादून के पॉश इलाके में दिन-दहाड़े धारदार हथियार से महिला की हत्या
देहरादून। राजधानी के पॉश इलाके डालनवाला में वीरवार दोपहर महिला की हत्या से सनसनी फैल गई। आरोप है कि हत्या को उसी के पति ने अंजाम दिया, जिसे मौके से ही गिरफ्तार कर लिया गया है। फिलहाल हत्या की वजह पति – पत्नी के बीच किसी बात पर हुई कहासुनी बताई जा रही है। पुलिस इस मामले में आरोपी से पूछताछ कर रही है।
मोहिनी रोड पर दून इंटरनेशनल स्कूल के नजदीक स्थित घर में हुई वारदात
घटना डालनवाला क्षेत्र स्थित मोहिनी रोड पर हुई। यहां दून इंटरनेशनल स्कूल के सामने एक सेवानिवृत्त अधिकारी की कोठी है। इसी के सर्वेंट क्वॉर्टर में मूलरूप से उत्तर प्रदेश का अयोध्या निवासी रामजी पाल पत्नी सोनू पाल और तीन बच्चों के साथ रह रहा था। बताया गया है कि यह परिवार 3-4 महीने पहले ही यहां रहने आया था। रामजी राजमिस्त्री का काम करता है, जबकि सोनू भी नजदीक ही किसी अधिकारी की कोठी पर काम करती थी।
महिला का हत्यारोपी पति मौके से ही गिरफ्तार, आपसी कहासुनी में ले ली पत्नी की जान
वीरवार को रामजी-सोनू के तीनों बच्चे सुबह रोज की तरह स्कूल चले गए। घर पर पति-पत्नी ही थे। इसी दौरान दोपहर दोनों में किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। मकान मालिक ने उनके क्वॉर्टर से चीख-पुकार सुनी तो किसी अनहोनी की आशंका में पुलिस को फोनेबकर दिया। पुलिस मौके पर पहुंची तो देखा कि सोनू पाल का शव लहू-लुहान अवस्था में पड़ा था। जबकि, रामजी भी वहीं था। पुलिस ने उसे पूछताछ की तो उसने हक़ीकत बयान कर दी। पुलिस के अनुसार, आरोपी का कहां है कि उन दोनों पति-पत्नी के बीच अक्सर कहासुनी होती रहती थी। वीरवार दोपहर भी किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ तो वह आवेश में आ गया और धारदार हथियार से पत्नी पर वार कर दिया। इससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी रामजी पाल को गिरफ्तार कर लिया है। उससे विस्तृत पूछताछ की जा रही है। मौके पर फोरेंसिक टीम भी पहुंची, जिसने साक्ष्य एकत्र किए।

