मुद्दाकॉलेज-विश्वविद्यालयछात्र-युवा

हर्रावाला के आयुर्वेद विश्वविद्यालय में फिर हंगामा, पेट्रोल साथ लेकर ओवरहेड वाटर टैंक पर चढ़े हैं चार छात्र-छात्रा

देहरादून। हर्रावाला स्थित उत्तराखंड आयुर्वेद विश्वविद्यालय में सोमवार अपराह्न से फिर हंगामा हो गया है। लंबित परीक्षा परिणाम घोषित करने और परीक्षाएं कराए जाने की मांग को लेकर चार स्टूडेंट्स परिसर में स्थित ओवरहेड टैंक (पानी की टंकी) पर जा चढ़े। इनमें एक छात्रा भी शामिल है। पेट्रोल से भरी बोतलें लेकर टंकी पर चढ़े छात्रों का कहना है कि इस बार वे अपनी मांगें पूरी होने के बाद ही नीचे उतरेंगे।

बीएएमएस छात्र वर्ष 2019-22 बैच के रिजल्ट घोषित करने और लंबित परीक्षाएं कराने के लिए आंदोलित

उत्तराखंड आयुर्वेद विश्वविद्यालय में पिछले काफी समय से छात्र-छात्रा परेशान हैं। उनका कहना है कि रिजल्ट घोषित न होने और परीक्षाएं लंबित रहनेे से विश्वविद्यालय व उससे संबंद्ध कॉलेजों में बीएएमएस (2019-2022 बैच) व अन्य कोर्स के करीब डेढ़ हजार छात्र-छात्राओं के समक्ष संकट खड़ा हो गया है। कुछ दिन पूर्व भी छात्र पानी की टंकी पर चढ़े थे। सोमवार को उन्होंने एक बार फिर यह कदम उठाया। चारों छात्र-छात्रा ने चेतावनी दी है कि मांगें पूरी न होने और पुलिस के स्तर से किसी भी तरह की जोर-जबर्दस्ती की स्थिति में वे आत्मदाह जैसा कदम उठाने के लिए मजबूर होंगे। रात तक हंगामा जारी था। उनके समर्थन में नीचे परिसर में भी काफी छात्र-छात्राएं एकत्र होकर प्रदर्शन कर रहे थे। मौके पर हर्रावाला चौकी व डोईवाला थाने का फोर्स तैनात था। पुलिस की ओर से छात्र-छात्राओं को समझा-बुझाकर टंकी से उतारने का प्रयास चल रहा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *