Tuesday, September 8, 2026
Latest:
गढ़वाल मंडलखेल-खिलाड़ीछात्र-युवा

उत्तरकाशी की सात न्याय पंचायतों में मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी के लिए खिलाड़ियों ने बहाया पसीना, गोस्वामी गणेशदत्त इंटर कॉलेज को कबड्डी का दोहरा खिताब

उत्तरकाशी। मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी के लिए विभिन्न न्याय पंचायतों में खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। जिले के विभिन्न ब्लॉक की सात न्याय पंचायत में एक साथ इसकी शुरूआत की गई। विभिन्न आयु वर्ग की प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने जमकर पसीना बहाते हुए दमखम दिखाया। न्याय पंचायत गंगोरी की कबड्डी प्रतियोगिता में गोस्वामी गणेश दत्त इंटर कॉलेज ने दोहरा खिताब जीता। उसकी टीम बालक व बालिका दोनों ही वर्गों में पहले स्थान पर रही। बालक वर्ग में राजकीय इंटर कॉलेज गंगोरी की टीम ने द्वितीय और कीर्ति इंटर कॉलेज उत्तरकाशी की टीम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। जबकि बालिका वर्ग में गर्ल्स इंटर कॉलेज उत्तरकाशी की टीम दूसरे और गंगोरी की टीम को तीसरे स्थान पर रही।

इससे पूर्व भटवाड़ी ब्लॉक की न्याय पंचायत गंगोरी व जोशियाड़ा, डुंडा ब्लॉक की न्याय पंचायत रायमेर व गेंवला और पुरोला ब्लॉक की न्याय पंचायत खड़कियासेम, गुंदियाटगांव व चंदेली समेत कुल सात न्याय पंचायतों में खेलकूद प्रतियोगिताएं आरंभ हुईं। जोशियाड़ा न्याय पंचायत की प्रतियोगिताओं का उद्घाटन राजकीय इंटर कॉलेज जोशियाड़ा में जिला पंचायत सदस्य देवेंद्र नाथ और न्याय पंचायत गंगोरी की राजकीय इंटर कॉलेज उत्तरकाशी में आयोजित खेलकूद प्रतियोगिता का उद्घाटन नगर पालिका परिषद बाड़ाहाट की सभासद मधु भट्ट ने किया। इसी तरह डुंडा ब्लॉक की रायमेर न्याय पंचायत की राजकीय इंटर कॉलेज बड़ेथ में आयोजित प्रतियोगिताओं का बड़ेथ क्षेत्र पंचायत सदस्य शीला देवी ने उद्घाटन किया। पुरोला ब्लॉक की न्याय पंचायत गुंदियाटगांव स्थित राजकीय इंटर कॉलेज में आयोजित खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ अध्यापक अभिभावक संघ के अध्यक्ष संजय बडोनी ने किया।

न्याय पंचायतस्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता के अंडर-14 व अंडर-19 आयुवर्ग में बालक और बालिकाओं की एथलेटिक्स, कबड्डी, खो-खो व मुर्गा झपट स्पर्धा आयोजित की जा रही है। उद्घाटन अवसर पर राजकीय इंटर कॉलेज जोशियाड़ा के प्रधानाचार्य सकलचंद रमोला, राजकीय इंटर कॉलेज उत्तरकाशी के प्रधानाचार्य महिपाल सिंह, ब्लॉक खेल समन्वयक गिरीश असवाल, निर्णायक चंडी प्रसाद, वीर सिंह राणा, सरिता भारती, दिलप्रीति, दिनेश पयाल आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *