बार एसोसिएशन को जल्द मिलेगी सात मंजिला प्रोफेशनल ऑफिस बिल्डिंग, अधिवक्ताओं के लिए होंगे 500 से ज्यादा चैंबर
देहरादून। राजधानी में अधिवक्ताओं के लिए 500 से अधिक चैंबर का निर्माण होगा। कुल 8,881 वर्ग मीटर से ज्यादा में बनने वाली सात मंजिला बिल्डिंग में ये चैंबर होंगे। इससे संबंधित शुरूआती डिजाइन व निर्माण योजना के संबंध में शुक्रवार को डीएम डॉ. आशीष चौहान ने मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) के अधिकारियों और देहरादून बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में प्रस्तावित भवन के सर्वे प्लान, की-प्लान, क्षेत्रफल, साइट प्लान, पार्किंग, प्रवेश व निकासी व्यवस्था सहित विभिन्न तकनीकी पहलुओं की विस्तार से समीक्षा की गई।
कुल 8,881.28 वर्ग मीटर में निर्मित होने वाले भवन में 10×10 आकार के होंगे सभी चैंबर
बैठक में एमडीडीए की सीनियर आर्किटेक्ट दृष्टि जैन ने प्रस्तावित भवन के डिजाइन व निर्माण योजना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भवन निर्माण के लिए 8,881.28 वर्ग मीटर भूमि का सर्वेक्षण पूरा कर लिया गया है। प्रस्तावित भवन में ग्राउंड फ्लोर के अतिरिक्त सात मंजिलों का निर्माण किया जाएगा। भवन में अधिवक्ताओं के लिए 10 गुणा 10 आकार के 500 से अधिक चैंबर प्रस्तावित किए गए हैं। उन्होंने बताया कि भवन के डिजाइन में अधिवक्ताओं व आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रवेश व निकासी के लिए समुचित व्यवस्था, वाहन पार्किंग और अन्य आवश्यक सुविधाओं को शामिल किया गया है। भवन के स्वरूप व उपयोगिता को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक तकनीकी पहलुओं का भी प्लान में समावेश किया गया है।
डीएम ने एमडीडीए अधिकारियों और बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ की डिजाइन व निर्माण योजना की समीक्षा
जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भवन के डिजाइन व निर्माण योजना में फायर सेफ्टी प्लान, इमरजेंसी एग्जिट और लिफ्ट सिस्टम का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि भवन में अधिवक्ताओं के साथ ही आमजन का भी आवागमन रहेगा, इसलिए सुरक्षा, सुगम आवागमन व आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की व्यवस्थाएं मानकों के अनुरूप सुनिश्चित की जाएं और भवन निर्माण के फाइनल प्रस्ताव शीघ्र तैयार किया जाए। बैठक में एमडीडीए के अधिशासी अभियंता एसएस रावत, बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अनिल कुकरेती, सचिव अजय बिष्ट, सीनियर काउंसिल आरएस रावत, प्रेमचंद शर्मा, अनुराग गुप्ता व धर्मवीर नेगी उपस्थित रहे।

