हल्के चौपहिया वाहनों के लिए खुला देहरादून-मसूरी मार्ग, प्रदेश में बारिश का सिलसिला जारी
देहरादून। उत्तराखंड के विभिन्न जिलों में बारिश का सिलसिला रूक-रूक कर लगातार जारी है। कई स्थानों पर मंगलवार सुबह तक गुजरे 24 घंटों के दौरान भारी वर्शा दर्ज की गई है। प्रदेश में गंगा-यमुना समेत अधिकांश नदियों का जलस्तर बढ़ रहा है। इसे देखते हुए तटवर्ती क्षेत्रों में लोगों को पुलिस की ओर से सतर्क किया जा रहा है।
राजधानी देहरादून और आसपास के क्षेत्रों में सुबह तक बारिश जारी थी। हालांकि, जिलेभर में स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र खुले हैं। सड़क धस जाने के कारण सोमवार शाम बंद हुआ देहरादून-मसूरी मार्ग मंगलवार सुबह हल्के चौपहिया वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया गया। यहां किलोमीटर 20 पर पानी बैंड के समीप सड़क का काफी हिस्सा धस गया था। पीडब्ल्यूडी ने रातभर मिट्टी पत्थर का भरान करके सड़क को आवाजाही लायक बना दिया। फिलहाल इस मार्ग पर पुलिस की मदद से हल्के वाहनों की आवाजाही कराई जा रही है।
इस बीच, यात्रियों की सुरक्षा के दृष्टिगत चारधाम यात्रा पर सोमवार को अस्थायी रोक लगा दी गई थी। गढ़वाल मंडलायुक्त के आदेश पर लगाई गई रोक मंगलवार सुबह तक भी जारी है। यात्रियों से सावधानी बरतने और प्रषासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।

