छत्तीसगढ़ में संचालित केंद्र की विकास परियोजनाओं के अध्ययन को उत्तराखंड से पहुंचा पत्रकारों का दल
रायपुर। उत्तराखंड से सोमवार को 13 सदस्यीय मीडिया प्रतिनिधिमंडल पांच दिवसीय स्टडी एंड मीडिया एक्सपोजर टूर पर छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर पहुंचा। भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अंतर्गत पीआईबी देहरादून की ओर से आयोजित इस अध्ययन भ्रमण का उद्देश्य केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, वैज्ञानिक अनुसंधान, प्रौद्योगिकीय प्रगति और नवाचारों का प्रत्यक्ष अवलोकन व अनुभव करना है।
एसईसीएल बिलासपुर, एनटीपीसी, बाल्को और जनजातीय संग्रहालय का दौरा करेगा प्रतिनिधिमंडल, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री से होगी शिष्टाचार भेंट
सोमवार सुबह देहरादून के जौलीग्रांट एयरपोर्ट से पत्रकारों का अध्ययन दल छत्तीसगढ़ के लिए रवाना हुआ, जो शाम यहां पहुंचा। भ्रमण कार्यक्रम में शामिल विभिन्न मीडिया संस्थानों के पत्रकार छत्तीसगढ़ में केंद्र सरकार की प्रमुख जनोन्मुखी उपलब्धियों की जमीनी हकीकत से रुबरु होंगे। प्रतिनिधिमंडल छत्तीसगढ़ स्थित प्रमुख राष्ट्रीय संस्थानों, शोध केंद्रों और आधारभूत संरचना विकास से जुड़ी महत्वपूर्ण परियोजनाओं का दौरा करेगा।
यात्रा का मुख्य उद्देश्य उत्तराखंड के मीडियाकर्मियों को राष्ट्रीय स्तर पर हो रहे विकास कार्यों, अनुसंधान, वैज्ञानिक नवाचारों व डिजिटल गवर्नेंस के क्षेत्र में आई क्रांति से रूबरू कराना है, ताकि जनहित से जुड़ी इन उपलब्धियों की सही जानकारी आम जनता तक पहुंचाई जा सके। इस दौरान मीडिया प्रतिनिधिमंडल एसईसीएल बिलासपुर, एनटीपीसी व बीएएलसीओ (BALCO) कोरबा, 40 किलोवाट सौर परियोजना, सिरपुर स्थित जनजातीय संग्रहालय का दौरा करेगा। प्रतिनिधिमंडल स्वयं सहायता समूहों के कार्यों से भी अवगत होगा। साथ ही छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री से शिष्टाचार भेंट करेगा।
पीआईबी के प्रेस टूर का उद्देश्य क्षेत्रीय मीडिया और राष्ट्रीय स्तर की विकासात्मक प्राथमिकताओं के बीच मजबूत सेतु का निर्माण करना : सुंद्रियाल
पीआईबी देहरादून की ओर से आयोजित छत्तीसगढ़ प्रेस टूर के कंडक्टिंग ऑफिसर संजीव सुंद्रियाल ने कहा कि यह प्रेस टूर उत्तराखंड के पत्रकारों को केंद्र सरकार की विकास परियोजनाओं से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है। इससे राज्य के पत्रकारों को छत्तीसगढ़ में केंद्र सरकार की उपलब्धियों की गहन, सटीक और स्पष्ट जानकारी मिलेगी। उन्होंने बताया कि इस प्रेस टूर का प्राथमिक उद्देश्य क्षेत्रीय मीडिया और राष्ट्रीय स्तर की विकासात्मक प्राथमिकताओं के बीच एक मजबूत सेतु का निर्माण करना है। इस अध्ययन यात्रा से उत्तराखंड के पत्रकारों को देश की अत्याधुनिक तकनीकी और बुनियादी ढांचे की प्रगति को करीब से देखने और समझने का अवसर मिलेगा। उन्होंने बताया कि पीआईबी देहरादून की तरफ से इससे पहले भी हैदराबाद, उडीसा, विशाखापट्टनम के प्रेस टूर आयोजित किए जा चुके हैं।

