भूकंप के झटकों से हिली चमोली की धरती, जोशीमठ में जमीन से 10 किमी नीचे था केंद्र
जोशीमठ। चमोली जिले में बुधवार सुबह भूकंप के झटकों से धरती डोल गई। इससे कुछ देर के लिए लोग दहशत में आ गए। हालांकि, भूकंप के झटकों से कहीं भी किसी तरह के नुकसान की सूचना नहीं है। रिक्टर पैमाने पर 4.1 तीव्रता के इस भूकंप का केंद्र जोशीमठ क्षेत्र में बताया गया है।
चमोली जिले में सुबह भूकंप के झटके दो बार आए। नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी के अनुसार, पहला झटका 10 बज कर 21 मिनट 11 सेकेंड पर और दूसरा 10 बजकर 52 मिनट 48 सेकेंड पर आया। रिक्टर स्केल पर 4.1 तीव्रता के पहले झटके का केंद्र जोशीमठ ब्लॉक में जमीन से 10 किलोमीटर नीचे था। पहला झटका थोड़ा तीव्र होने के कारण काफी लोगों को महसूस हुआ, जबकि दूसरे झटके का पता नहीं चला। चूंकि, जोशीमठ भू-धसाव के चलते पहले से ही काफी संवेदनशील है। ऐसे में लोगों में भूकंप के झटके ने कुछ देर के लिए चिंता बढ़ा दी। भूकंप के दूसरे झटके की तीव्रता 2.8 रिकॉर्ट हुई और इसका केंद्र भी जोशीमठ क्षेत्र में जमीन से 5 किलोमीटर नीचे रहा।

