विविधअपराध

बड़ोवाला में बैंककर्मी को गोली मारकर घायल करने वाला बदमाश चार दिन बाद पुलिस मुठभेड़ में गोली लगने से घायल

देहरादून। शुक्रवार देर रात राजधानी के पटेलनगर कोतवाली क्षेत्र में हुई मुठभेड़ के दौरान पुलिस की गोली लगने से एक बदमाश घायल हो गया। गोली उसके पैर पर लगी है। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसका एक अन्य साथी अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गया है, जिसकी तलाश की जा रही है। घायल बदमाश अंकित चौहान बीते 8 सितंबर को शिमला बायपास रोड पर बैंककर्मी पर हुई फायरिंग की घटना में संलिप्त बताया गया है।

बदमाशों ने 8 सितंबर को बड़ोवाला क्षेत्र में उज्जीवन बैंक के कर्मचारी सत्यम पर सरे राह कर दी थी फायरिंग

पुलिस के अनुसार, 8 सितंबर को साक्षी चौहान निवासी असलमपुर भुल्लन थाना नगीना देहात जिला बिजनौर हाल निवासी डीएसपी चौक बडोवाला ने पटेलनगर कोतवाली में तहरीर दी िक वह और उसका फुफेरा भाई सत्यम कुमार पुत्र स्व0 नौभार सिंह निवासी भगवानवाला थाना धामपुर जिला बिजनौर (उत्तर प्रदेश) हाल निवासी डीएसपी चौक बडोवाला शाम करीब 7ः40 बजे मंडी चौक स्थित वी-मार्ट से स्कूटी पर सवार होकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान जियो पेट्रोल पंप से करीब 200 मीटर आगे बडोवाला की ओर पीछे से आ रहे दो लड़कों ने स्कूटी के आगे अपनी मोटर साइकिल रोककर जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया, जिसमें सत्यम कुमार घायल हो गया।

पुलिस और बदमाशों में शुक्रवार रात गोरखपुर-प्रेमनगर चायबागान में हुई भिड़ंत, घायल बदमाश का साथी मौके से फरार

पुलिस के अनुसार, अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू की गई। शुक्रवार को पुलिस टीम को सूचना मिली कि बडोवाला क्षेत्र में फायरिंग की घटना को अंजाम देने वाले दोनों बदमाश संभवतः किसी अन्य घटना को अंजाम देने के लिए देहरादून आए हैं। इस सूचना पर शिमला बायपास स्थित गोरखपुर चौक पर एक बिना नंबर की संदिग्ध मोटरसाइकिल पर सवार व्यक्तियों को रुकने का इशारा किया तो वे गोरखपुर चौक से प्रेमनगर जाने वाली रोड की ओर भाग गए। इस पर उनका पीछा किया गया, तो वे चाय बागान पगडंडी पर अपनी मोटरसाइकिल को छोड़कर जंगल की ओर भाग गए। पुलिस को पीछा करते देख उन्होंने फायर कर दिया। जवाबी फायर में एक बदमाश के पैर पर गोली लग गई, जबकि दूसरा अंधेरे का लाभ उठाकर भाग गया। घायल बदमाश की पहचान 25 वर्षीय अंकित चौहान पुत्र ध्रुव नारायण निवासी सोसायटी रोड लक्सर, केशव नगर (हरिद्वार) और फरार बदमाश की पहचान अंकुर पुत्र ब्रह्मपाल निवासी लोको मोहल्ला पीरवाली गली, लक्सर (हरिद्वार) के रूप में हुई है।

सत्यम की सगाई अन्य लड़की के साथ होने से खफा पुरानी सहकर्मी महिला मित्र ने 5 लाख में दी सुपारी

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में अंकित ने बताया कि वह पूर्व में भी आपराधिक घटनाओं में जेल जा चुका है और कुछ समय पूर्व उसकी मुलाकात रानीपुर (हरिद्वार) निवासी मोहित से हुई। मोहित को जानकारी थी कि वह पूर्व में भी जेल जा चुका है। मोहित ने उसकी पहचान अपनी दोस्त मालिया रहमान से कराई, जो एक प्राइवेट बैंक में नौकरी करती थी। मालिया ने उसे बताया कि वर्ष-2020 में हरिद्वार स्थित उज्जीवन बैंक में काम के दौरान उसकी मुलाकात बिजनौर निवासी सत्यम कुमार से हुई थी, जो उसके साथ उक्त बैंक में काम करता था। सत्यम लगभग चार-पांच सालों तक उसे शादी का झांसा देता रहा और बाद में उसने किसी अन्य लड़की से सगाई कर ली। पुलिस ने बताया कि मोहित और मालिया ने उसे सत्यम को रास्ते से हटाने और उसके एवज में मोटी धनराशि देने का ऑफर दिया। सत्यम को मारने के एवज में उसे 5 लाख रूपये देने की बात कही। घटना से पूर्व मालिया ने एडवांस के तौर पर उसे 1.20 लाख रुपये दिए। बाकी रकम सत्यम को रास्ते से हटाने के बाद देने की बात तय हुई थी।

फायरिंग में घायल सत्यम के बचकर झाड़ियों में भागने और मौके पर लोगों के पहुंचने पर डर कर भाग गए थे दोनों बदमाश 

पुलिस के अनुसार, मालिया ने ही उसे सत्यम का फोटो देते हुए देहरादून में उज्जीवन बैंक का कार्यालय दिखाया था। 8 सितंबर को अंकित अपने साथी अंकुर के साथ मिलकर घटना को अंजाम देने के लिए देहरादून आया। वे शाम के समय उज्जीवन बैंक के बाहर खड़े होकर सत्यम के आने का इंतजार करने लगे। सत्यम के बैंक से निकलने पर उन्होंने अपनी मोटरसाइकिल से उसका पीछा किया और बड़ोवाला में एक सुनसान जगह पर जान से मारने की नीयत से सत्यम पर फायर कर दिया। गोली लगने से घायल सत्यम पास ही झाड़ियों की तरफ भाग गया। गोली की आवाज सुनकर वहां काफी लोग इकट्ठा हो गए, जिस पर दोनों बदमाश पकड़े जाने के डर से मौके से फरार हो गए। घटना के बाद अभियुक्त पुलिस से बचने के लिए पहले दिल्ली और उसके बाद हरियाणा भाग गए। आज वे मोहित के कहने पर बची हुई रकम लेने वापस देहरादून आए थे। इसी दौरान पुलिस से उनकी मुठभेड़ हो गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *