अगर आप भी पर्स और हैंडबैग के प्रति लापरवाह होकर करती हैं खरीददारी, तो हो जाएं सावधान, ठेले पर बैग रखकर गूगल-पे कर रही महिला के पर्स समेत 16.50 लाख के गहने और नकदी साफ
ऋषिकेश। खबर उन महिलाओं के लिए, जो खरीददारी करते वक्त अक्सर अपने पर्स या हैंडबैग के प्रति लापरवाह हो जाती हैं। यदि आप भी ऐसा ही करती हैं, तो सावधान हो जाएं। क्योंकि, पलक झपकते ही आपके पर्स अथवा बैग में रखी नकदी या कीमती सामान ‘उड़’ सकता है। ऐसा ही एक मामला सामने आया है ऋषिकेश के भरत विहार क्षेत्र में, जहां एक महिला ने गूगल पे से भुगतान करते वक्त अपना हैंडबैग ठेले पर रखा और पलभर में उन्हें साढ़े 16 लाख की चपत लग गई। बहरहाल, पुलिस ने तत्परता दिखाई तो महिला को चोरी हुए गहने और नकदी वापस मिल गई।
बैंक से गहने और नकदी लेकर गुमानीवाला घर लौट रही थी महिला, भरत विहार के पास ठेली से खरीदे केले
खरीददारी करते वक्त पर्स को जहां-तहां रखने की आदत कई बार नुकसानदेय साबित होती है। ़ऋषिकेश पुलिस के अनुसार, बीते 18 अगस्त को गुमानीवाला निवासी एक महिला बैंक लॉकर से तीन सोने की चैन, एक सोने का नेकलेस, एक जोड़ी झुमके, दो जोड़ी टॉप्स, एक चांदी का ब्रेसलेट आदि लेकर घर लौट रही थीं। पुत्री की शादी के लिए यह ज्वैलरी रखी गई थी। महिला ने उक्त सभी आभूषण और साथ में 64 हजार रूपये नकद एक भूरे रंग के छोटे पर्स में रखे और पर्स को काले रंग के हैंडबैग में रखा। घर लौटते वक्त महिला ने भरत विहार के गेट के निकट एक ठेली पर केले खरीदे। इसी दौरान उन्होंने अपना बैग ठेली पर रखकर दिया और गूगल-पे से ठेली संचालक राजकुमार को भुगतान किया। इसके बाद वे घर आ गईं। घर पहुंचने के बाद जब महिला ने बैग खोला, तो उसमें से जेवरात और नकदी समेत छोटा भूरे रंग का पर्स गायब था। महिला ने तत्काल आईडीपीएल चौकी पहुंचकर शिकायत देते हुए चोरी का शक ठेलीवाले पर जताया।
पुलिस ने भागने का प्रयास कर रहे ठेले वाले के कब्जे से बरामद कर लिए सभी जेवरात और नकदी
पुलिस ने तहरीर के आधार पर कोतवाली ऋषिकेश में ठेली संचालक राजकुमार के विरूद्ध बीएनएस की धारा-303(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। आईडीपीएल चौकी प्रभारी की अगुआई में पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को चेक किया। इसबीच पुलिस को सूचना हुई कि 35 वर्षीय राजकुमार निवासी बेतिया (बिहार) भागने की फिराक में हैं, इस पर 19 अगस्त (बुधवार) को उसे योगनगरी रेलवे स्टेशन के पास से दबोच लिया गया। पुलिस के अनुसार, तलाशी लेने पर राजकुमार के कब्जे से चोरी हुई ज्वैलरी व नगदी बरामद हो गई। पूछताछ में उसने बताया कि केले खरीदने आई महिला को गूगल-पे से भुगतान के दौरान बातों में उलझाकर उसने ठेली पर रखे उसके काले बैग के अंदर से भूरे रंग के पर्स को चोरी कर लिया था, जिसमें उसे सोने के आभूषण व नगदी मिली। इसके बाद ही वह माल लेकर भागने की फिराक में था। पुलिस के अनुसार, पूरी ज्वैलरी, 63 हजार रूपये नकद की बरामदगी हो गई। इसके साथ ही महिला के नाम की बैंक ऑफ बड़ौदा की तीन जमा पर्चियां (डिपॉजिट स्लिप) भी मिलीं। बरामद ज्वेलरी की अनुमानित कीमत करीब 16 लाख 50 हज़ार रुपये है।

