उत्तराखंडकुमाऊं मंडल

कुमाऊं मंडल में हर ओर छायी रही देशभक्ति की उमंग, प्रभारी मंत्री खजान दास ने किया ध्वजारोहण

नैनीताल। कुमाऊं मंडल में भी 80वां स्वतंत्रता दिवस राष्ट्रप्रेम की भावना से ओतप्रोत माहौल में मनाया गया। जगह-जगह ध्वजारोहण करके राष्ट्रगीत व राष्ट्रगान का सामूहिक गायन किया गया। मंडल मुख्यालय नैनीताल स्थित जिला कलेक्ट्रेट परिसर में भव्यता के साथ मुख्य समारोह आयोजित हुआ, जहां जिले के प्रभारी मंत्री खजान दास ने ध्वजारोहण किया। उन्होंने समारोह में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों व वीर नारियों को शॉल ओढ़ाकर और स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया।

उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। अपने संबोधन में मंत्री खजान दास ने सभी को स्वाधीनता दिवस की शुभकामनाएं दीं और सरकार के कार्यों को गिनाया। समारोह में नैनीताल के डीएम ललित मोहन रयाल ने सभी से राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता को बनाए रखने के लिए अपने कर्तव्यों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करने का आह्वन किया। इस अवसर पर भारतीय शहीद सैनिक विद्यालय के बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। जिले के प्रभारी मंत्री ने कई अन्य कार्यक्रमों में भी षिरकत की। समारोह में विधायक सरिता आर्या, कुमाऊं कमिष्नर दीपक रावत, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी, सीडीओ अरविंद कुमार पांडे व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

अल्मोड़ा में डीएम ने तिरंगा फहराने के बाद कलेक्ट्रेट में रोपे देवदार के पौधे, उत्कृष्ट कर्मियों का हुआ सम्मान

80वें स्वतंत्रता दिवस पर अल्मोड़ा कलेक्ट्रेट में भी ध्वजारोहण करके स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों व राज्य आंदोलनकारियों को सम्मानित किया गया। डीएम अंशुल सिंह ने यहां ध्वज फहराया। इस दौरान राष्ट्रगीत व राष्ट्रगान का सामूहिक गायन किया गया। साथ ही कलेक्ट्रेट परिसर में देवदार के पौधे रोपे गए।

इसके पश्चात मल्ला महल में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों व क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया। समारोह में एसएसपी चंद्रशेखर आर. घोड़के व अन्य अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *