अग्निकांडउत्तराखंडदुर्घटनाराजधानी

हर्रावाला के सिद्धपुरम में तेज धमाके से मची अफरातफरी, पिटकुल की ट्रांसमिशन लाइन से घरों में उतरा करेंट

देहरादून। जिला मुख्यालय से करीब 10 किलोमीटर दूर स्थित हर्रावाला में शुक्रवार दोपहर तेज धमाके के साथ 220 केवी की पावर ट्रांसमिशन लाइन से घरों में करेंट उतर गया। इससे एक घर के कुछ हिस्से में आग लग गई, जबकि अन्य दो घरों में टीवी-फ्रीज समेत कई उपकरण फुंक गए। आसपास के कई अन्य घरों में भी बिजली के उपकरण खराब होने की सूचना है।

तीन घरों में टीवी-फ्रिज समेत बिजली उपकरण फुंके, लीची का पेड़ भी जला

घटना नगर निगम के वार्ड-97 (हर्रावाला) के सिद्धपुरम लेन नं.-2 में दोपहर एक बजे के आसपास हुई। क्षेत्रवासियों ने बताया कि अचानक से बहुत तेज धमाका हुआ और चारों तरफ बिजली चमकी। इससे लोगों में अफरातफरी मच गई और वे घरों से बाहर भागे। वहीं, कई घरों में चल रहे बिजली के उपकरण अचानक बंद हो गए। लोगों ने एक-दूसरे से मालूमात की, तो पता चला कि लेन नं.-2 में घरों के ऊपर से गुजर रही 220 केवी की पिटकुल की हाईपावर ट्रांसमिशन लाइन से करेंट उतरा है। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं हो पाया कि करेंट कैसे आया, लेकिन वहीं एक खाली प्लॉट में लीची के पेड़ का काफी हिस्सा अचानक झुलस जाने से यह माना जा रहा है कि पेड़ के ऊपरी हिस्से में उग आई बेल या किसी टहनी का संभवतः हवा के कारण एचटी लाइन से संपर्क हुआ, जिससे आसपास के घरों में करेंट दौड़ गया। जिन घरों में नुकसान हुआ है, वे भी पेड़ के अगल-बगल ही स्थित हैं।

पार्षद ने पिटकुल के अधिकारियों को लिखा पत्र, शनिवार को प्रभावित परिवारों को मुआवजे के लिए देंगे ज्ञापन

हर्रावाला के पार्षद देवी दयाल ओड़वाल ने बताया कि लेन नं.-2 निवासी विकास दुबे, दीनदयाल सिंह व सुधीर शर्मा के घरों को करेंट से ज्यादा नुकसान पहुंचा है। इनमें से एक घर की छत से प्लास्टर गिरने के साथ ही कुछ हिस्से में बिजली उपकरणों में आग लग गई, जिससे वहां धुंआ भर गया। तीनों घरों में रखे टीवी-फ्रिज, इंडक्शन, स्विच बोर्ड, इन्वर्टर, छतों के पंखे और बिजली की वायरिंग पूरी तरह फुंक गए। इसके अलावा आसपास के अन्य घरों में भी बिजली के उपकरण खराब होने की शिकायत मिल रही है। पार्षद ने बताया कि इस मामले में शनिवार को पिटकुल के अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर ट्रांसमिशन लाइन से बार-बार हो रहे नुकसान का समाधान करने और जिन परिवारों को नुकसान हुआ है, उन्हें मुआवजा देने की मांग की जाएगी। वहीं दूसरी ओर, हर्रावाला क्षेत्र के ऊर्जा निगम के एसडीओ केडी नौटियाल ने बताया कि कई घरों में करेंट के कारण उपकरणों को क्षति पहुंचने की सूचना मिली थी। इस पर यूपीसीएल की टीम मौके पर भेजी गई थी। किंतु, मामला पिटकुल की ट्रांसमिशन लाइन से जुड़ा होने के कारण उसके अधिकारियों को सूचित कर दिया गया है।

साल-2023 में करेंट से हो चुकी किशोर की मौत, पिछले वर्ष दो मजदूर भी झुलसे

हर्रावाला के सिद्धपुरम में ट्रांसमिशन लाइन के कारण पूर्व में भी जान-माल का नुकसान हो चुका है। साल-2023 में एक किशोर पतंग उड़ाते वक्त मांझा लाइन के संपर्क में आने से करेंट से बुरी तरह झुलस गया था, जिसकी कुछ दिन बाद अस्पताल में मौत हो गई। इसके अलावा एक मकान निर्माण के काम में लगे दो मजदूर भी पिछले वर्ष यहां एचटी लाइन की करेंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस चुके हैं। क्षेत्रवासियों का कहना है कि यहां लाइन एकदम मकानों की ऊपरी मंजिल के निकट से गुजर रही है, जिससे अक्सर हादसे हो रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *