उत्तराखंडराजकाजविविध

हरिद्वार में गाड़ी के लिए पसंदीदा नंबर पाने को खर्च कर दिए लाखों रुपये, 5.40 लाख में बिका UK08 BM सीरीज का 0009 नंबर

हरिद्वार। अपनी गाड़ी की नंबर प्लेट पर UK08 BM सीरीज का पसंदीदा नंबर लेने के लिए हरिद्वार में वाहन स्वामियों ने लाखों रुपये खर्च कर दिए। नई सीरीज खुलते ही लगी होड़ में सबसे ऊंची बोली लगी 5.40 लाख रुपये की। ई-नीलामी में बोलीदाता ने 5.40 लाख रुपए में UK08 BM 0009 नंबर खरीदा।

परिवहन विभाग की ओर से हरिद्वार में नई वाहन पंजीकरण श्रृंखला UK08 BM शुरू की गई है। इसके वीआईपी/फैंसी नंबरों की ऑनलाइन नीलामी की गई। इस ई-नीलामी में वाहन स्वामियों ने खासा उत्साह दिखाते हुए बढ़-चढ़कर भाग लिया। इसके चलते कई पसंदीदा नंबरों पर लाखों रुपये की बोलियां लगीं। नई श्रृंखला के खुलते ही मिली जबरदस्त प्रतिक्रिया ने यह स्पष्ट कर दिया कि फैंसी नंबरों का आकर्षण लगातार बढ़ रहा है।

परिवहन विभाग की ई-नीलामी में अन्य फैंसी नंबरों के लिए भी लगी ऊंची बोलियां

ई-नीलामी में UK08 BM 0009 सबसे अधिक चर्चा का विषय रहा, जिसके लिए 5.40 लाख रुपये की सर्वाधिक बोली प्राप्त हुई। इसके अतिरिक्त UK08 BM 0001 को 4.91 लाख, UK08 BM 0007 को 3.88 लाख, UK08 BM 0008 को 1.73 लाख, UK08 BM 0002 को 1.41 और UK08 BM 9000 को 91 हजार रूपये में खरीदा गया। वहीं 0005, 0006, 0004, 1111, 8888, 5555, 0101, 0099, 0077 और 0999 जैसे अन्य आकर्षक नंबरों के लिए भी लोगों ने अच्छी-खासी रकम खर्च की।

हरिद्वार के एआरटीओ (प्रशासन) निखिल शर्मा ने बताया कि नई श्रृंखला आरम्भ होते ही वाहन स्वामियों ने फैंसी नंबरों के प्रति अत्यधिक उत्साह प्रदर्शित किया। उन्होंने कहा कि परिवहन विभाग की ऑनलाइन ई-नीलामी व्यवस्था पूर्णतः पारदर्शी है और इच्छुक नागरिक निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार अपनी पसंद का पंजीकरण नंबर प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि फैंसी नंबरों से प्राप्त होने वाला राजस्व राज्य सरकार के लिए एक महत्वपूर्ण आय स्रोत है और भविष्य में भी इस प्रकार की ई-नीलामी नियमित रूप से आयोजित की जाती रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *