उत्तराखंडमुद्दाराजधानी

सीएम आवास कूच के दौरान बेरोजगार नर्सिंग अधिकारी ने किया हाथ की नस काटने का प्रयास, ज्योति ने छीनी ब्लेड

देहरादून। राजधानी में वीरवार को दूसरे दिन भी बेरोजगार नर्सिंग अधिकारियों का हंगामा जारी रहा। मुख्यमंत्री आवास कूच के दौरान अपराह्न उस समय बवाल मच गया, जब प्रदर्शनकारी राजेश शर्मा ने ब्लेड से हाथ की नस काटने का प्रयास किया। इससे पहले कि कोई अनहोनी होती, महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने तत्परता दिखाते हुए उसके हाथ से ब्लेड छीन ली। साथ ही कुछ अन्य नर्सिंग अधिकारियों और पुलिस ने उसे काबू कर लिया।

बुधवार को भी प्रदर्शन के दौरान हुआ था जान देने का प्रयास

नर्सिंग एकता मंच के आह्वान पर आंदोलित बेरोजगार नर्सिंग प्रशिक्षितों ने मुख्यमंत्री आवास कूच किया। अपनी मांगों पर जोर देने के साथ ही बुधवार को यमुना कॉलोनी स्थित स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल के आवास के बाहर प्रदर्शन के दौरान एक महिला बेरोजगार नर्सिंग अधिकारी के फिनायल पी लेने और मंत्री के व्यवहार को लेकर रोष व्यक्त करने के लिए यह कूच आहूत किया गया था।

प्रस्तावित परीक्षा रद्द कर वर्षवार नियुक्ति की मांग कर रहा नर्सिंग मंच

मंच 25-26 जुलाई को प्रस्तावित भरती परीक्षा रद्द कर वर्षवार नियुक्ति की मांग कर रहा है। पूर्वाह्न कूच में शामिल नर्सिंग अधिकारी नारेबाजी करते हुए मुख्यमंत्री आवास की ओर बढ़े, लेकिन पुलिस ने उन्हें बेरीकेडिंग लगा कर उन्हें पहले ही रोक दिया। काफी देर के प्रदर्शन के बाद अपराह्न पुलिस ने सभी को हिरासत में ले लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *