सोनप्रयाग के निकट भारी मात्रा में मलबा आने रास्ता बंद, रात से फंसे 40 केदारनाथ यात्रियों को एसडीआरएफ ने सुरक्षित निकाला
रुद्रप्रयाग। सोनप्रयाग के नजदीक भारी मात्रा में मलबा आने से केदारनाथ धाम से लौट रहे 40 से ज्यादा श्रद्धालु स्लाइड जोन में फंस गए। मौके पर पहुंचे स्टेट डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स के जवानों ने मलबे के बीच रास्ता दे कर श्रद्धालुओं को सुरक्षित पार निकाला। एसडीआरएफ अब भी मौके पर तैनात रह कर यात्रियों को एहतियात बरतते हुए खतरे वाले हिस्से को पार करा रही है।

प्रदेश में बारिश की वजह से कई जगह पर मलबा आ रहा है, तो कई जगह रास्ते टूट गए हैं। रुद्रप्रयाग जिले में केदारनाथ धाम के रास्ते पर स्थित सोनप्रयाग के पास अचानक देर रात भारी मात्रा में मलबा आ गया। इसकी वजह से केदारनाथ धाम से दर्शन कर लौट रहे 40 से ज्यादा यात्री फंस गए। देर रात 10 बजे से ये सभी यात्री स्लाइड जोन में फंसे हुए थे।

मौके पर तैनात एसडीआरएफ के जवानों ने वीरवार तड़के सुरक्षित रास्ता देकर इन यात्रियों को पार पहुंचाया। एसडीआरएफ के अनुसार, रास्ता पूरी तरह से ध्वस्त हो चुका है। मौके पर तैनात जवान लगातार धाम से आ रहे श्रद्धालुओं को सुरक्षित एरिया में पहुंचा रहे हैं।

