Wednesday, October 14, 2026
Latest:
उत्तराखंडमौसमहिमालयी राज्य

उत्तराखंड में 1 सितंबर तक भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट, आपदा प्रबंधन विभाग ने जिलों के लिए जारी की एडवायजरी

देहरादून। उत्तराखंड में पिछले कुछेक दिन से सुस्त पड़ा मानसून एक बार फिर एक्टिव हो गया है। इसके प्रभाव से राजधानी देहरादून समेत राज्य के कई हिस्सों में शुक्रवार शाम से ही कभी तेज तो कभी हल्की बारिश का सिलसिला चल रहा है। इस बीच, राज्य मौसम विज्ञान केंद्र ने अगले दो सितंबर तक राज्य में भारी बारिश का पूर्वानुमान व्यक्त किया है। कुछ जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट भी जारी कर दिया गया है। इसे देखते हुए उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने सभी जिलों के डीएम को एडवायजरी जारी कर अलर्ट रहने को कहा है।

प्रदेश में सर्वाधिक 95 मिलीमीटर बारिश यमकेश्वर और 91 मिलीमीटर सहस्रधारा में हुई दर्ज

शनिवार सुबह 8ः30 बजे तक गुजरे 24 घंटों (मुख्यतः बीते 12 घंटों) के दौरान देहरादून समेत कई स्टेशनों पर भारी बारिश दर्ज हुई। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, देहरादून में 66.6 मिलीमीटर बारिश मिली। इस अवधि में सर्वाधिक 95 मिलीमीटर बारिश पौड़ी जिले के यमकेश्वर ब्लॉक में दर्ज हुई। इसी ब्लॉक में स्थित नीलकंठ महादेव में 75 एमएम बारिश हुई। देहरादून जिले में बादल सबसे ज्यादा रायपुर ब्लॉक क्षेत्रांतर्गत बरसे। यहां सर्वाधिक 91 मिलीमीटर बारिश सहस्रधारा और 82 मिलीमीटर मालदेवता में दर्ज हुई। इसके अलावा पिथौरागढ़ जिले के बंगापानी में 77 एमएम, देहरादून जिले के कालसी में 75 एमएम, नैनीताल जिले के कालाढूंगी में 66 और बागेश्वर जिले के शामा में 65 मिलीमीटर बारिश मिली। ये सभी स्टेशन भारी बारिश की श्रेणी में दर्ज हुए हैं। इसके अलावा गढ़वाल-कुमाऊं के दर्जनभर से ज्यादा स्टेशनों पर इस दरमियान मध्यम बारिश मिली।

प्रदेश में 31 अगस्त और 1 सितंबर को बारिश के चरम पर होने का पूर्वानुमान

मौसम विज्ञान केंद्र ने 2 सितंबर तक भारी बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना व्यक्त की है। केंद्र की ओर से कहा गया है कि 31 अगस्त से एक सितंबर के बीच बारिश अपने चरम पर होगी। रविवार को देहरादून, टिहरी, पौड़ी, रूद्रप्रयाग, चमोली, पिथौरागढ़, नैनीताल, चंपावत, बागेश्वर व ऊधम सिंह नगर जिले में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना जताते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, 31 अगस्त को देहरादून, बागेश्वर, चमोली व नैनीताल जिले में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज और टिहरी, पौड़ी, उत्तरकाषी, रूद्रप्रयाग, पिथौरागढ़, चंपावत व ऊधम सिंह नगर जिले में कहीं-कहीं भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विज्ञान केंद्र ने 31 और 1 को भूस्खलन की जताई आशंका, पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा टालने की दी सलाह

मौसम केंद्र ने एक सितंबर को देहरादून व टिहरी जिले के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए, भारी से बहुत भारी बारिश और अन्य जिलों में यलो अलर्ट के साथ भारी बारिश का पूर्वानुमान व्यक्त किया है। दो सितंबर को देहरादून, रूद्रप्रयाग, चमोली व बागेश्वर जिले में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। केंद्र की ओर से राज्य में भारी बारिश के दृष्टिगत 31 अगस्त और एक सितंबर को भूस्खलन व नदियों के जलस्तर में वृद्धि की चेतावनी जारी करते हुए इस दौरान एहतियात के तौर पर लोगों को चारधाम व अन्य पहाड़ी क्षेत्रों की यात्रा टालने की सलाह दी है।

जिलाधिकारियों से पर्यटकों व ट्रैकरों को उच्च हिमालयी क्षेत्र में जाने की अनुमति न देने को कहा

इस बीच, खराब मौसम और ऑरेंज अलर्ट को देखते हुए आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के देहरादून स्थित राज्य आपातकालीन परिचायन केंद्र ने सभी जिलाधिकारियों को पूरी सतर्कता बरतने के लिए कहा है। जिलों के लिए जारी एडवायजरी में इस दौरान पर्यटकों और ट्रैकरों को उच्च हिमालयी क्षेत्रों में जाने की अनुमति न देने की भी सलाह दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *