अग्निकांडउत्तराखंडऑपरेशंस

मोरी के पंवाणी गांव में भीषण अग्निकांड से कोहराम, 33 घर जल कर राख, गांव में सिर्फ 13 घर बचे सुरक्षित

उत्तरकाशी। जिले के मोरी तहसील क्षेत्रांतर्गत पंवाणी गांव में मंगलवार शाम हुए भीषण अग्निकांड ने व्यापक तबाही मचा दी। गांव के घर में लगी आग पलक झपकते ही प्रचंड हो गई। इससे पहले कि ग्रामीण कुछ कर पाते, आग ने कई घरों को चपेट में ले लिया।

अग्निकांड से 33 घर स्वाहा हो गए। 58 परिवार प्रभावित बताए जा रहे हैं। गांव में अधिकांश घर लकड़ी के बने होने के कारण आग ज्यादा तेजी से फैली। सिर्फ 13 घर ही शेष और सुरक्षित बचे हैं। गांव का प्राइमरी स्कूल और पंचायत भवन भी आग में नष्ट हो गए हैं। राहत की बात यह है कि किसी तरह की जन हानि या पशु हानि इस अग्निकांड में नहीं हुई।

शाम लगी आग ने चपेट में लिया अधिकांश गांव, तहसील मुख्यालय से 60 किमी दूर है स्थित

उत्तरकाशी के जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को शाम 4:49 बजे अग्निकांड की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पूरी प्रशासनिक मशीनरी हरकत में आ गई। डीएम प्रशांत आर्य स्वयं आपातकालीन परिचालन केंद्र पहुंच गए और अधीनस्थों को तेजी से रेस्क्यू ऑपरेशन संचालित करने के निर्देश दिए। पंवाणी गांव मोरी तहसील मुख्यालय से करीब 60 किलोमीटर और रोड हेड से 300 मीटर दूर है।

अग्निकांड पर काबू पाने के लिए मोरी तहसील मुख्यालय के साथ ही आसपास के अन्य स्टेशनों से भी फायर सर्विस की गाड़ियां रवाना की गईं। इनके अलावा एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, पुलिस, राजस्व प्रशासन, स्वास्थ्य और पशुपालन विभाग की टीमें भी देर शाम मौके पर पहुंच गईं। हालांकि, दूरी अधिक होने के कारण रेस्क्यू टीमों के पहुंचने से पहले ही आग व्यापक नुकसान कर चुकी थी।

सिलेंडरों के विस्फोट से थर्राया पूरा क्षेत्र, मुख्यमंत्री ने जताया घटना पर दुख

घटना के बाद ग्रामीणों ने अपने स्तर से आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन कामयाबी नहीं मिली। घरों में रखे सिलेंडर एक के बाद एक ब्लास्ट होने से काफी देर तक पूरे क्षेत्र में धमाकों की आवाज गूंजती रही। ग्रामीणों की चीख-पुकार आग से मचे कोहराम की भीषणता को बयां कर रही थी। रात तक रेस्क्यू टीम मौके पर आग को काबू पाने के लिए जूझ रही थीं। ग्रामीणों का सब कुछ आग में रख हो गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अग्निकांड पर दुख व्यक्त करते हुए तत्काल प्रभावितों को राहत पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। इस बीच, जिला प्रशासन ने देर शाम प्रभावित परिवारों के लिए टेंट, कंबल, गरम कपड़े और अन्य जरूरी राहत सामग्री रवाना कर दी।

उत्तरकाशी के डीएम ने सभी विभागों को लगाया राहत कार्यों में, रेस्क्यू और रिलीफ टीमें ग्राउंड जीरो पर

उत्तरकाशी के डीएम प्रशांत आर्य घटना के संबंध में लगातार अपडेट ले रहे हैं। उन्होंने बताया कि संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दे दिए गए हैं। मुख्य विकास अधिकारी को सभी रेखीय विभागों और संबंधित ब्लॉक के अधिकारियों को राहत व बचाव कार्यों में लगाने के लिए कहा गया है। डीएसओ को प्रभावित परिवारों के लिए घटनास्थल पर कम्युनिटी किचन संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी को भोजन की समस्या न हो। साथ ही सीएमओ को चिकित्सा टीमें मौके पर तैनात रखने और पर्याप्त संख्या में महिला चिकित्सकों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को पशु चिकित्सकों की टीमें मौके पर भेजने और अलर्ट पर रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि पशुधन का भी समय पर उपचार और देखभाल हो सके। संबंधित अधिकारियों को सभी प्रभावित परिवारों के लिए आवास, पेयजल, कंबल व अन्य सभी आवश्यक व्यवस्थाएं शीघ्र करने को कहा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *