मोती बाजार के देवकी कॉम्प्लेक्स में भीषण अग्निकांड, ड्रेस एम्पोरियम जलकर हुआ राख
देहरादून। भीड़भरे मोतीबाजार में सोमवार सुबह भीषण अग्निकांड में फैंसी ड्रेस की दुकान का सारा समान जलकर राख हो गया। आग पर काबू पाने के लिए फायर ब्रिगेड को घंटेभर से भी ज्यादा जूझना पड़ा।
स्कूलों के सांस्कृतिक कार्यक्रमों और नाटकों के लिए किराए पर मिलती थीं एम्पोरियम से फैंसी ड्रेस
अग्निकांड मोती बाजार स्थित देवकी कॉम्प्लेक्स में हुआ। यहां ऊपरी मंजिल में बालाजी ड्रेस एम्पोरियम नाम से दुकान है, जहां स्कूलों में होने वाले फैंसी ड्रेस व नाटकों-सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए ड्रेस किराए पर मिलती थी। अगल-बगल दो दुकानें इस तरह की ड्रेस की हैं। सुबह 9:15 बजे के आसपास अचानक एम्पोरियम में आग लग गई। कॉम्प्लेक्स की दुकान इस समय तक खुल ही रही थीं। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पता, कपड़ों की वजह से आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।
कपड़ों की वजह से तेजी से भड़की आग, काबू पाने में फायर ब्रिगेड को लगा काफी वक्त
लोगों ने आग की सूचना तत्काल फायर ब्रिगेड को दी। कुछ ही देर में फायर फायर टेंडर मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाने के लिए जुट गए। कॉम्प्लेक्स में आसपास ड्रेस और फर्नीचर की कई दुकानें हैं, जिस कारण फायर कर्मियों की चुनौती बढ़ गई। काफी देर जूझने के बाद फायर फाइटर्स ने आग पर तो काबू पा लिया, लेकिन दुकान में रखा लाखों रूपये मूल्य का समान राख हो गया।

