पोखरी पॉलिटेक्निक में पुलिस ने साइबर ठगी से बचने के लिए छात्र-छात्राओं को दिए ‘सेफ्टी मंत्र’
पोखरी (चमोली)। थाना पोखरी पुलिस की ओर से नरेंद्र सिंह भंडारी राजकीय पॉलिटेक्निक में साइबर अपराधों के प्रति छात्र-छात्राओं को जागरूक करने के लिए कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें उन्हें वर्तमान समय में तेजी से बढ़ रहे साइबर अपराधों व ऑनलाइन ठगी के बदलते तरीकों की जानकारी देते हुए उनसे बचाव के टिप्स दिए गए।
पुलिस अधिकारियों ने छात्र-छात्राओं को बताया कि साइबर अपराधी लोगों को ठगी का शिकार बनाने के लिए लगातार नए-नए तरीके अपना रहे हैं। कभी फर्जी लिंक भेजकर, कभी सोशल मीडिया अकाउंट हैक करने के नाम पर, तो कभी ऑनलाइन जॉब, निवेश, डिजिटल अरेस्ट अथवा अन्य आकर्षक ऑफर का झांसा देकर लोगों को अपने जाल में फंसाया जा रहा है। ऐसे में किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक करने, संदिग्ध एप डाउनलोड करने अथवा अपनी निजी व गोपनीय जानकारी किसी के साथ शेयर न करें।
छात्र-छात्राओं को बताया गया कि डिजिटल दुनिया में की गई एक छोटी सी गलती भी बड़ी आर्थिक क्षति का कारण बन सकती है। इसलिए किसी भी ऑनलाइन ऑफर, कॉल या मैसेज पर तुरंत विश्वास करने के बजाय पहले उसकी सत्यता की जांच करें और संदेह होने पर पुलिस से संपर्क करें।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यदि किसी व्यक्ति के साथ साइबर ठगी हो जाती है तो तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर-1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराएं। साथ ही नजदीकी पुलिस थाने को भी इसकी सूचना दें। ठगी के तुरंत बाद की गई शिकायत महत्वपूर्ण होती है और ठगी की धनराशि को आगे ट्रांसफर होने से रोकने की कार्रवाई में मदद मिल सकती है। कार्यक्रम के दौरान आपातकालीन सेवा-112 की उपयोगिता के बारे में भी जानकारी दी गई। साथ ही छात्राओं को महिला सुरक्षा, महिला अपराधों से संबंधित कानूनों, पुलिस सहायता के लिए तत्काल नजदीकी थाने से संपर्क करने को कहा गया।

