चमोली जिले के सिदेली गांव में भालू का कहर, हमले में दो महिलाओं की मौत
कर्णप्रयाग। चमोली जिले के पोखरी ब्लॉक क्षेत्रांतर्गत सिदेली गांव में शुक्रवार सुबह भालू के हमले में दो महिलाओं की मौत हो गई। भालू ने घास काट रही दोनों महिलाओं को हमला कर जख्मी कर दिया। उससे बचने के प्रयास में दोनों सैकड़ों फीट नीचे गिर गईं। एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी ने हायर सेंटर ले जाते वक्त एंबुलेंस में दम तोड़ दिया। घटना के बाद क्षेत्र में जन्माष्टमी पर्व की खुशियां मातम में बदल गईं और ग्रामीण जबरदस्त आक्रोश में हैं।
सुबह गांव के नजदीक घास काट रही थीं दोनों, भालू ने किया जख्मी तो बचने के प्रयास में पहाड़ी से भी गिर गईं
भालू के हमले में मृत महिलाओं की पहचान 56 वर्षीय विमला देवी व 42 वर्षीय लक्ष्मी देवी के रूप में हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि दोनों महिलाएं सुबह करीब आठ बजे गांव के ही नजदीक घास काट रही थीं, तभी वहां स्थित चट्टान से अचानक आए भालू ने दोनों पर हमला कर दिया। हमले में बुरी तरह घायल महिलाओं ने बचने का प्रयास किया, तो पहाड़ी से सैकड़ों फीट नीचे गिर गईं। दोनों को गंभीरावस्था में पोखरी स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां चिकित्सकों ने विमला देवी को मृत घोषित कर दिया।
घटना से क्षेत्रवासियों की जन्माष्टमी की खुशियां बदलीं मातम में, ग्रामीण जबरदस्त गुस्से में
चिकित्सकों ने लक्ष्मी देवी को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत के कारण श्रीनगर स्थित मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। खराब मौसम के कारण हेलीकॉप्टर उपलब्ध न होने पर लक्ष्मी को एंबुलेंस से श्रीनगर रवाना किया गया, लेकिन दोपहर रास्ते में उसकी भी मौत हो गई। घटना की सूचना के बाद प्रश्न और वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे, जिनके समक्ष ग्रामीणों ने रोष व्यक्त करते हुए जंगली जानवरों के आतंक से मुक्ति दिलाने की मांग की।

