सरस्वती विहार में योग परिवार के तीज महोत्सव में छाया उल्लास, उत्सव में सहभागी 91 वर्षीय कमला देवी को किया सम्मानित
देहरादून। अजबपुर खुर्द स्थित सरस्वती विहार में योग परिवार की तरफ से तीज महोत्सव आयोजित किया गया। इसमें महिलाएं गढ़वाली, कुमाऊंनी, जौनपुर, भोटिया व मैदानी क्षेत्र की वेशभूषा पहन कर आईं। महिलाओं ने ग्रुप डांस में हिस्सा लिया और अपने क्षेत्रीय परिधान के साथ विभिन्न प्रस्तुतियां दी।
तीज महोत्सव में डॉ. बृजलता चौहान, मधु गुसांई व शशि सिलस्वाल बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुई। अपने संबोधन में उन्होंने सभी प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि सभी महिलाएं योग के साथ-साथ अपनी संस्कृति का भी संरक्षण कर रही हैं। कार्यक्रम में शिरकत करने वाली सबसे बुजुर्ग महिला 91 वर्षीय कमला देवी को सम्मानित किया गया।
महोत्सव का संचालन करते हुए योग शिक्षिका व कार्यक्रम संयोजक संगीता सेमवाल ने महिलाओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के सहयोग से हर वर्ष तीज महोत्सव उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। इतना ही नहीं, रोज सुबह योगाभ्यास में भी महिलाओं की भागीदारी लगातार बढ़ रही है, जो काफी उत्साहजनक है। कार्यक्रम में योग सह-शिक्षिका कुसुम पटवाल, सुमन बिष्ट, रेखा डंगवाल, बीना असवाल, ममता बहुगुणा, उमा चौहान, सुशीला सेमवाल, नीता शर्मा, मनोरमा रावत, सावित्री कुंवर समेत कई महिलाएं शामिल हुईं।

