मानसून निपटते ही प्रदेश भर में युद्धस्तर पर एक साथ बनेंगी सड़कें, सड़कों की बुरी तरह तहस-नहस हालत पर कैबिनेट बैठक में हुई चर्चा
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में मंगलवार को सचिवालय में हुई कैबिनेट बैठक में प्रदेशभर की सड़कों की स्थिति और उनके सुधार के संबंध में विस्तृत विमर्श हुआ। बैठक में नगर निगम, नगर पालिका परिषद व नगर पंचायत क्षेत्रों के साथ ही ग्रामीण इलाकों की सड़कों को दुरुस्त करने के लिए व्यापक स्तर पर कार्य करने पर चर्चा हुई।
पीडब्ल्यूडी और पीएमजीएसवाई समेत संबंधित विभागों को अभी से निविदा व अन्य प्रक्रियाएं निपटाने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोक निर्माण विभाग और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) सहित विभिन्न विभागों व संस्थाओं के अधीन आने वाली सड़कों को दुरुस्त करने के लिए प्रभावी कार्ययोजना बनाई जाए। बैठक में पीएमजीएसवाई के अंतर्गत निर्मित ऐसी पुरानी सड़कों, जिनकी अनुरक्षण अवधि समाप्त हो चुकी है और जिनका नियमित रखरखाव नहीं हो पा रहा है, को दुरुस्त करने के लिए राज्य सरकार की ओर से आवश्यक धनराशि उपलब्ध कराने के संबंध में भी विचार-विमर्श किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि मानसून समाप्त होते ही प्रदेशभर में सड़क सुधार के कार्य एक साथ युद्धस्तर पर शुरू किए जाने चाहिए। इसके लिए संबंधित विभाग अभी से आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करते हुए निविदा प्रक्रिया समय से पूरा कर लें, ताकि बारिश समाप्त होने के बाद निर्माण व मरम्मत कार्य शुरू करने में किसी प्रकार का विलंब न हो।
निकायों को मिलेगा सुधार के लिए पैसा, अक्तूबर से राज्य के विभिन्न क्षेत्रों का सड़क से भ्रमण करेंगे सीएम
बैठक में शहरी क्षेत्रों की सड़कों की स्थिति में सुधार के लिए स्थानीय निकायों को आवश्यक धनराशि उपलब्ध कराने पर भी चर्चा की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि नगर निगमों, नगर पालिका परिषदों व नगर पंचायतों को सड़क सुधार के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जाएं, ताकि शहरी क्षेत्रों की सड़कों को भी प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त किया जा सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि वे स्वयं अक्तूबर माह से प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों का सड़क मार्ग से भ्रमण करेंगे।

