दुर्घटनाअपराधराजधानी

देहरादून में खतरनाक चालकों के वाहनों की बेकाबू रफ्तार ले रही लोगों की जान, कैनाल रोड पर एक महिला की मौत, दूसरी गंभीर

देहरादून। राजधानी की सड़कें दिन ही नहीं, आधी रात बाद भी ‘खतरनाक’ रफ्तार वाले वाहन चालकों की हरकतों की वजह से जानलेबा बन चुकी हैं। शुक्रवार-शनिवार की मध्य रात्रि बाद राजपुर रोड से सटी कैनाल रोड पर बेकाबू चालक की कार सड़क किनारे खड़ी एक्टिवा और बाइक से जा भिड़ी। इस हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल दूसरी महिला का अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस ने मौके से कार चालक युवक व उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया।

राजपुर थाना पुलिस को रात करीब पौने 1 बजे 112 कंट्रोल रूम के माध्यम से कैनाल रोड पर एक्सीडेंट होने की सूचना मिली। पुलिस जब मौके पर पहुंची, तो वहां आई-20 कार  क्षतिग्रस्त अवस्था में सड़क किनारे खडी मिली। वहीं, एक एक्टिवा व बाइक भी क्षतिग्रस्त हालत में पड़ी थीं। पुलिस को मौके पर मौजूद लोगो ने बताया कि आई-20 कार के चालक ने सडक किनारे खडी एक्टिवा व मोटरसाइकिल को जबर्दस्त टक्कर मार दी। इससे एक्टिवा व बाइक पर बैठी महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस के अनुसार, उक्त दुर्घटना में एक्टिवा में बैठी 26 वर्षीय नैना राजपूत पत्नी अभिषेक निवासी पोहली, दूधली, डोईवाला की मैक्स हॉस्पिटल में उपचार के दौरान मौत हो गई है। वहीं, दूसरी घायल निधि कश्यप का दून अस्पताल में उपचार चल रहा है।

राजपुर पुलिस के अनुसार, मौके से कार को कब्जे में लेने के साथ ही 20 वर्षीय कार चालक सुमित यादव पुत्र अखिलेश यादव निवासी काठबंगला बस्ती भाग-2, राजपुर व उसके साथी 24 वर्षीय हाशिम पुत्र कासिम निवासी सुमननगर, राजपुर को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में सुमित यादव ने बताया कि काठबंगला से कैनाल रोड को आते हुए उसकी गाड़ी के ब्रेक नहीं लगे, जिससे कार सड़क के किनारे खडे़ वाहनों से टकरा गई। पुलिस ने बताया कि दोनों गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *