पटेलनगर गोलीकांड के बाद अब प्रेमनगर में बस और फॉर्च्यूनर चालक के बीच मारपीट में तन गई पिस्टल
देहरादून। अपराधियों और हुड़दंगियों में देहरादून पुलिस का भय खत्म हो गया है। यही वजह है कि राजधानी की सड़कों पर खुलेआम मारपीट, फायरिंग, पिस्टल लहराने जैसी घटनाएं आम हो गई हैं। अभी पटेलनगर फायरिंग कांड को 36 घंटे भी नहीं बीते कि प्रेमनगर क्षेत्र में भी भीड़भाड़ वाले इलाके में मारपीट के दौरान पिस्टल तान देने का मामला सामने आ गया। यहां सड़क पर खड़ी कार हटाने को लेकर बस और फॉर्च्यूनर चालकों के बीच जमकर मारपीट हो गई। मारपीट के दौरान जहां बस चालक ने डंडे का इस्तेमाल किया, वहीं फॉर्च्यूनर चालक व उसके साथी ने पिस्टल लहरा दी। पुलिस ने दोनों पक्षों से तीन लोगों को गिरफ्तार करके 32 बोर की लाइसेंसी पिस्टल, कारतूस व फॉर्च्यूनर कार कब्जे में ले ली है।
प्रेमनगर कोतवाली पुलिस के अनुसार, शुक्रवार रात कंट्रोल रूम से सूचना मिली कि प्रेमनगर क्षेत्र में नेक्स्ट हॉस्टल के पास कुछ लोग आपस मे मारपीट व हुडदंग कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंचा और मौके पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेजों को चेक करने के साथ आसपास के लोगों से घटना के संबंध में जानकारी प्राप्त की। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में सड़क पर बस व फार्च्यूनर कार दिखाई दिए, जिनके पास दो लोगों में झगड़ा हो रहा था। इनमें से एक व्यक्ति के हाथ में डंडा और दूसरे के हाथ में पिस्टल थी।
कार हटाने को लेकर हुए विवाद में बस चालक ने डंडे से किया वार तो फॉर्च्यूनर चालक और साथी ने निकली पिस्टल
पुलिस के अनुसार, फुटेज के आधार पर जानकारी प्राप्त की गई तो उनमें से एक व्यक्ति की पहचान स्थानीय लोगों ने झाझरा निवासी गौरव के रूप में की। इस पर तत्काल गौरव को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में उसने बताया कि वह एक निजी शिक्षण संस्थान की बस चलता है और रात को बस लेकर मांडूवाला स्थित घर लौट रहा था। नेक्स्ट हॉस्टल के पास एक फॉर्च्यूनर चालक बीच सड़क पर गाड़ी की लाइट को हाई बीम करके खड़ा था। स्निपर उसने हॉर्न देकर हटने को कहा, लेकिन फॉर्च्यूनर चालक ने गाड़ी को नहीं हटाया। इस बात को लेकर उन दोनों के बीच कहासुनी हो गई, जिसमें उसने डंडा निकालकर फॉर्च्यूनर चालक पर वार कर दिया। इसी दौरान फॉर्च्यूनर चालक का एक अन्य साथी भी मौके पर पहुंचा और उन दोनों ने अपने पास रखी पिस्टल दिखाकर उसे धमकाते हुए गाली गलौच व मारपीट की।
तीनों आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार, पिस्टल लाइसेंस निरस्त करने के लिए डीएम को भेजी रिपोर्ट
बस चालक से पूछताछ में उक्त व्यक्तियों की पहचान नीरज राजपूत व मनीष नेगी के रूप में हुई। उक्त दोनों व्यक्तियों के उपचार के लिए ग्राफिक एरा अस्पताल में जाने की जानकारी पुलिस को मिली। इस पर पुलिस ने दोनों को ग्राफिक एरा अस्पताल परिसर से गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से घटना के दौरान बस ड्राइवर को दिखाई गई लाइसेंसी पिस्टल बरामद हुई। पिस्टल नीरज राजपूत के नाम पर है। पुलिस के अनुसार, 30 वर्षीय गौरव पुत्र ललित सिंह निवासी चंदन की पुलिया वार्ड नंबर-9, कोतवाली प्रेमनगर, 31 वर्षीय मनीष नेगी पुत्र पीतांबर सिंह निवासी मांडूवाला, कोतवाली प्रेमनगर व 40 वर्षीय नीरज राजपूत पुत्र महावीर सिंह निवासी भाऊवाला, थाना सेलाकुई के विरुद्ध सार्वजनिक स्थान पर मारपीट व हुड़दंग कर शांति व्यवस्था भंग करने, घातक हथियार का प्रदर्शन कर दूसरों के जीवन को खतरे में डालने, लाइसेंसी पिस्टल का दुरुपयोग करने आदि आरोपों में मुकदमा दर्ज किया है। साथ ही अभियुक्त से बरामद पिस्टल का लाइसेंस निरस्त करने के लिए डीएम को रिपोर्ट भेजी जा रही है।

