फिर बोतल से बाहर आया न्यू कैंट रोड चौड़ीकरण का ‘जिन्न,’ डीएम ने पीडब्ल्यूडी के एसई को दिए तत्काल सर्वे कराने के निर्देश
देहरादून। पूर्व में विवाद और विरोध के बाद बोतल में बंद न्यू कैंट रोड चौड़ीकरण का जिन्न एक बार फिर निकल आया है। इस बार इसे निकाला है मौजूदा डीएम डॉ. आशीष चौहान ने। उन्होंने पीडब्ल्यूडी के अधीक्षण अभियंता को न्यूकैंट रोड के चौड़ीकरण के लिए तत्काल सर्वे कराने के निर्देश दिए हैं।
वर्ष-2024 में भारी जन-विरोध के बाद ठंडे बस्ते में चला गया था चौड़ीकरण का प्रस्ताव
हाथीबड़कला से राजभवन-सीएम आवास की ओर जाने वाले शहीद मेख गुरूंग मार्ग (न्यू कैंट रोड) को चौड़ा करने के प्रस्ताव पर वर्ष-2024 में भी कवायद तेज हुई थी। इसमें सड़क किनारे स्थित काफी पेड़ भी कटने जा रहे थे, जिसका देहरादून सिटीजंस फोरम, सिटीजंस फॉर ग्रीन दून व संयुक्त नागरिक संगठन समेत तमाम सामाजिक व पर्यावरणीय संगठनों, गैर भाजपा दलों व संगठनों और युवाओं के साथ ही बड़ी संख्या में दूनघाटी के पुराने बाशिंदों ने सड़क पर उतर कर जोरदार ढंग से विरोध किया था। जनविरोध के चलते मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस प्रस्ताव को ठंडे बस्ते में डलवा दिया था। बाद में इस पर फिर प्रयास हुआ। लोग विरोध में फिर सड़कों पर उतरे, तब फिर कमोबेश इसे ठंडे बस्ते में डाल दिया गया। अब एक बार फिर चौड़ीकरण का जिन्न बोतल से बाहर निकाला गया है।
न्यू कैंट रोड पर प्रशासन की ओर से कहीं फ्री पार्किंग उपलब्ध न कराए जाने पर सड़क किनारे पार्क होते हैं दुपहिया
दरअसल, डीएम डॉ. चौहान मंगलवार को न्यू कैंट रोड पहुंचे, जहां उन्हें सेंट्रियो मॉल क्षेत्र में सड़क के दोनों ओर चौपहिया व दुपहिया वाहन पार्क मिले। चूंकि, सड़क एक ओर मॉल का कब्जा और दूसरी ओर पुलिस की बांधी डोरी के कारण काफी संख्या में मॉल या आसपास के दफ्तरों में जाने वालों को मजबूरन सड़क किनारे जहां जगह मिलती है, वहां नाले से सटाकर दुपहिया पार्क करने पड़ते हैं। इसकी एक वजह यह भी है कि मॉल के साथ-साथ आसपास स्थित ऑफिस व बैंकों की पार्किंग में भी मोटा पार्किंग चार्ज वसूला जाता है। ऐसे में कुछ मिनट के काम के लिए वहां आने वाले लोगों को प्रशासन की ओर से समुचित फ्री पार्किंग न उपलब्ध कराए जाने के कारण अपने वाहन सड़क किनारे पार्क करने को मजबूर होना पड़ता है। दुपहिया की देखादेखी कुछेक चारपहिया वाहन वाले भी वहीं पार्क कर देते हैं।
सड़क किनारे गाड़ियां पार्क देख डीएम हुए नाराज, मौके पर कराए चालान, सड़क चौड़ीकरण पर कवायद के भी दिए निर्देश
डीएम जब इस क्षेत्र में पहुंचे, तो दुपहिया व कुछेक चौपहिया वाहनों को सड़क किनारे पार्क देखकर नाराज हो गए। उन्होंने आनन-फानन में पुलिस के माध्यम से सड़क किनारे पार्क दुपहिया व अन्य वाहनों के चालान करवा दिए। उन्होंने सड़क किनारे अवैध रूप से लगी फड़-ठेली व अस्थायी दुकानों को भी तत्काल हटाने के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित विभाग को सड़क पर नो-पार्किंग के बोर्ड लगाने को कहा। इसी दौरान डीएम ने पीडब्ल्यूडी के अधीक्षण अभियंता को निर्देश दिए कि तत्काल न्यूकैंट रोड को चौड़ा करने के लिए सर्वे कराया जाए। उन्होंने सड़क चौड़ीकरण में बाधक पुलिस चेकपोस्ट व अन्य संरचनाओं को शिफ्ट कराने के भी निर्देश दिए।
इसके बाद डीएम ने आईटीबीपी सीमाद्वार क्षेत्र में जलभराव की स्थिति का जायजा लिया और पीडब्ल्यूडी व नगर निगम को तत्काल इसके स्थायी समाधान के लिए कार्रवाई करने को कहा। डीएम ने जब तक जलभराव की समस्या का तत्कालिक समाधान नहीं हो जाता, तब तक एक पटवारी को सीमाद्वार क्षेत्र में ही तैनात रहकर स्थिति की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए। इस दौरान एसडीएम (सदर) अपूर्वा सिंह, पीडब्ल्यूडी के अधीक्षण अभियंता ओपी सिंह, तहसीलदार सुरेंद्र देव सहित पुलिस, नगर निगम व अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

