ऑपरेशंसउत्तराखंडगढ़वाल मंडलदैवीय आपदा

पौड़ी के मेहर गांव में मकान ढहने से मां-बेटे समेत 3 की मौत, केदारनाथ मार्ग पर पत्थर गिरने से महिला यात्री की जान गई

रुद्रप्रयाग/पौड़ी। भारी बारिश के कारण मंगलवार को अलग-अलग स्थानों पर मलबा और पत्थर की चपेट में आने से 4 लोगों की मौत हो गई। इनमें एक महिला यात्री की मौत रुद्रप्रयाग जिले में केदारनाथ पैदल मार्ग पर पत्थर गिरने से हुई, जबकि एक बच्चे और मां-बेटे की मौत पौड़ी जिले के मेहर गांव में मकान ढहने से मलबे में दब कर हुई। वहीं, एक तीर्थयात्री समेत दो लोग इन घटनाओं में घायल हुए हैं, जिनका उपचार किया जा रहा है।

गौरीकुंड-केदारनाथ पैदल मार्ग पर चीरबासा क्षेत्र में हुई घटना में दो यात्री घायल, दिल्ली की निवासी थी मृत महिला

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रुद्रप्रयाग जिले के गौरीकुंड-केदारनाथ पैदल मार्ग पर दोपहर पहाड़ी से अचानक काफी मात्रा में पत्थर और मलबा गिरने लगा। उस वक्त विभिन्न राज्यों के कई यात्री पैदल मंदिर की ओर बढ़ रहे थे, जबकि कुछ दर्शनों के बाद वापस लौट रहे थे। गौरीकुंड से कुछ आगे चीरबासा क्षेत्र में हुई इस घटना में दो यात्री पत्थरों की चपेट में आकर घायल हो गए। इससे पहले कि उन्हें अस्पताल पहुंचाया जाता, एक महिला यात्री ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। महिला यात्री की पहचान दिल्ली निवासी अंजलि के तौर पर हुई है। वहीं, एक अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे अस्पताल ले जाया गया। घायल यात्री कर्नाटक का रहने वाला बताया गया है। घटना के बाद मौके पर रेस्क्यू टीमें भेजी गईं और कुछ समय के लिए एहतियात के तौर पर यात्रा रोक दी गई।

लैंसडाउन क्षेत्र के मेहरगांव में रात निकाले गए ढहे मकान के मलबे में दबे मां-बेटे के शव

दूसरी ओर, पौड़ी जिले के लैंसडाउन थाना क्षेत्रांतर्गत द्वारीखाल ब्लॉक के महर गांव में सुबह भूस्खलन होने से एक मकान के ऊपर भारी मात्रा में मलबा आ गिरा। इससे मकान ढह गया, जिसके मलबे में वहां रह रहे परिवार के तीन लोग दब गए। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, फायर सर्विस व एसडीआरएफ की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं और रेस्क्यू अभियान संचालित किया। इस दौरान रेस्क्यू टीमों को मलबे में दबे दो वर्षीय बच्चे का शव मिला। पौड़ी पुलिस के अनुसार, बच्चे की पहचान रुद्राक्ष पुत्र नवीन सिंह के रूप में हुई। इसके अतिरिक्त मलबे में दबे धीरेंद्र सिंह पुत्र प्रताप सिंह (उम्र 46 वर्ष) और मथुरा देवी पत्नी प्रताप सिंह (उम्र 80 वर्ष) की तलाश में एसडीआरएफ, पुलिस व ग्रामीण दिनभर जुटे रहे। रात इन दोनों के शव भी मलबे से निकल लिए गए।

सतपुली के बैर गांव में किचन की छत ढहने से वृद्धा गंभीर रूप से घायल

पौड़ी पुलिस के अनुसार, दूसरी घटना लैंसडाउन थाना क्षेत्र के ही सतपुली तहसील के अंतर्गत बैर गांव में हुई। यहां 60 वर्षीय सुशीला देवी पत्नी कोमल सिंह सुबह घर के किचन में खाना बना रही थीं। इसी दौरान किचन की छत ढह गई, जिससे महिला बुरी तरह घायल हो गईं। उन्हें स्थानीय लोगों ने मलबे से निकालकर सतपुली स्थित हंस फाउंडेशन अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के बाद उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *