उत्तराखंडदेश-दुनियामुद्दाराजनीति

खड़गे के अपमान से भड़की कांग्रेस का प्रदर्शन, सचिवालय और पीएचक्यू घेरने के प्रयास में पुलिस ने लिया हिरासत में

देहरादून। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे पर अभद्र टिप्पणी और उनकी हल्द्वानी सभा के बाद मंच के ‘शुद्धिकरण’ जैसी अपमानजनक हरकत करने वालों के खिलाफ अब तक कार्रवाई न होने से नाराज कांग्रेसियों का गुस्सा सोमवार को राजधानी की सड़कों पर फूट पड़ा। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के आह्वान पर बड़ी संख्या में पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं ने रैली निकालकर पुलिस मुख्यालय (पीएचक्यू) और सचिवालय कूच किया। प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने बलपूर्वक हिरासत में ले लिया।

पुलिस ने व्यापक घेराबंदी कर आगे बढ़ने से रोका तो हुई तीखी झड़प, बेरिकेड पर जा चढ़े पार्टी नेता

दोपहर तय कार्यक्रम के अनुसार कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राजपुर रोड स्थित प्रदेश  मुख्यालय से रैली के रूप में सचिवालय और पुलिस मुख्यालय के लिए कूच किया। कांग्रेस एससी विभाग के अध्यक्ष मदन लाल, प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना व महानगर अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी के नेतृत्व में कूच कर रहे प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने सुभाष रोड पर पुलिस मुख्यालय से पहले ही व्यापक घेराबंदी करके आगे बढ़ने से रोक दिया। इसे लेकर दोनों पक्षों में तीखी झड़प हुई। धक्का-मुक्की के बीच कांग्रेस नेता धस्माना, मदन लाल, पूर्व मेयर प्रत्याशी वीरेंद्र पोखरियाल, प्रदेश प्रवक्ता अभिनव थापर व महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला समेत कई प्रदर्शनकारी बेरिकेड पर चढ़़कर उसे फांदने का प्रयास करने लगे। बेरिकेड पार करने का प्रयास करते कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए पुलिस ने भी जमकर जोर-आजमाइश की। इसके बाद पुलिस ने सभी को जबरन हिरासत में लेना शुरू कर दिया। धक्का-मुक्की के बीच सभी प्रमुख नेताओं समेत काफी कार्यकर्ता हिरासत में लेकर पुलिस लाइन लाए गए।

देष के 25 करोड़ दलितों का बताया अपमान, सरकार पर दोषियों को बचाने का आरोप

प्रदर्शन के दौरान धस्माना ने कहा कि 8 अगस्त को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे की रैली के बाद भाजपा-आरएसएस से जुड़े एक संगठन ने मंच पर गंगाजल छिड़का और हवन-पूजन कर उसे ‘शुद्ध’ करने का ढोंग किया, क्योंकि वयोवृद्ध खड़गे दलित परिवार से आते हैं। धस्माना ने कहा कि यह सिर्फ खड़गे का ही नहीं, देश के 25 करोड़ से अधिक दलितों का अपमान है। ऐसा करके भाजपा-आरएसएस का असली दलित विरोधी चेहरा पूरे देश के सामने आ गया है। वहीं, कांग्रेस एससी विभाग के अध्यक्ष मदन लाल ने आरोप लगाया कि ऐसा शर्मनाक और अपमानजनक कृत्य करने वालों को आज तक गिरफ्तार नहीं किया गया है। भाजपा सरकार इन दोषियों को बचा रही है। इसलिए, सचिवालय और पुलिस मुख्यालय घेरने को कांग्रेस कार्यकर्ता मजबूर हुए।

सचिवालय और पुलिस मुख्यालय कूच में कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेश अध्यक्ष सुलेमान अंसारी, धर्मपाल घाघट, करण घाघट, गगन चाचर, जगदीश धीमान, देवेंद्र पाल सिंह, तीरथपाल रवि, ममता सिंह, अमरजीत सिंह, सुशील राठी, विशाल मौर्य, सुनीता प्रकाश, राज आनंद, हिमांशु भट्ट, विकास चौहान, अर्जुन सोनकर, मदन डिंगिया, संजय उनियाल, शिवांशु जायसवाल, अर्जुन पासी, रॉबिन त्यागी, गोदावरी थापली आदि प्रमुख रूप से शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *