विविधअपराध

‘ सॉरी मम्मी… मैं ऐसे जा रही हूं…छह महीने से सह रही हूं…अब और नहीं सहा जाता ‘

देहरादून। ‘सॉरी मम्मी…सॉरी रुचि…. मैं ऐसे जा रही हूं…बहुत अजीब सा हो गया है… छह महीने से सह रही हूं…अब और सहा नहीं जाता…इन लोगों की सोच कभी चेंज नहीं हो सकती…सब सुनाते रहते हैं, शादी के बाद हुआ…शादी के बाद हुआ…मनहूस-मनहूस…।’ खुद पर हो रहे जुल्मों की यह दास्तां मृत्यु पूर्व कुल 6 मिनट 38 सेकेंड के वीडियो में बयां की है हर्रावाला निवासी मृतका सृष्टि कंडारी ने।

हर्रावाला निवासी सृष्टि कंडारी का मृत्यु पूर्व का वीडियो वायरल, रोते-रोते बयां की जुल्मों की दास्तां

सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे इस वीडियो ने नवविवाहिता सृष्टि की संदिग्ध हालात में हुई मौत के मामले में नया मोड़ ला दिया है। अभी तक मृतका के परिजनों के आरोपों के आधार पर हो रही पुलिस जांच को इस वीडियो ने एक तरह से आरोपों को पुख्ता करने वाले सबूत दे दिया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, वीडियो को भी जांच में शामिल किया गया है। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि वीडियो सृष्टि ने कब बनाया, लेकिन वीडियो में जिस तरह वह रोते-रोते अपनी व्यथा सुना रही हैं और कह रही हैं कि मैं जा रही हूं… उस से फिलहाल यही माना जा रहा है कि वीडियो मौत से कुछ पहले का ही हो सकता है। इस बीच, पुलिस मृतका की मां की तहरीर के आधार पर आरोपी पति, सास और ननद के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में पहले ही मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर चुकी है।

घर में संदिग्ध हालात में मृत मिली थी सृष्टि, श्रीनगर में थी सरकारी टीचर, पति सचिवालय में कार्यरत

मामला डोईवाला थानांतर्गत हर्रावाला चौकी क्षेत्र के दिल्ली फार्म इलाके का है। यहां बीते बुधवार को सृष्टि कंडारी नामक महिला अपने घर में संदिग्ध हालात में मृत मिली। सृष्टि का विवाह पिछले साल नवबर में दिल्ली फार्म निवासी सौरभ खत्री से हुआ था। सौरभ यहां उत्तराखंड सचिवालय में निजी सचिव के पद पर कार्यरत है। जबकि, सृष्टि श्रीनगर (गढ़वाल) में सरकारी स्कूल में बतौर शिक्षिका तैनात थी। शादी के सिर्फ आठ माह बाद ही 29 जुलाई को सृष्टि की मौत हो गई।पुलिस को सृष्टि के पति सौरभ ने बताया कि 29 जुलाई की सुबह दूसरी घर की मंजिल में स्थित कमरे में गई थी, जहां कुछ देर बाद वह फांसी के फंदे से लटकी मिली। उसे नीचे उतारकर तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।

पति, सास और ननद के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज, पुलिस ने शुरू की विस्तृत जांच

वहीं दूसरी ओर, सृष्टि की मां और अन्य परिजनों ने इसे आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए, हत्या करार दिया है। श्रीनगर के श्रीकोट निवासी सृष्टि की मां सीमा कंडारी ने पुलिस को दी तहरीर में मृतका के पति, सास और ननद पर आरोप लगाया कि ससुराल में उसे शादी के बाद से ही शारीरिक व मानसिक तौर से प्रताड़ित किया जा रहा था। हाल ही में सृष्टि के ससुर का निधन हुआ, तो उसके लिए भी सृष्टि को मनहूस कहकर प्रताड़ित किया गया। डोईवाला की सीओ वंदना वर्मा ने बताया कि विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *