क्लेमेंटटाउन में हृदय विदारक हादसा, घर के बाहर गुजर रही नाली में डूबने से दो बच्चियों की मौत
देहरादून। क्लेमेंटटाउन क्षेत्र में वीरवार दोपहर हुए हृदयविदारक हादसे में दो बच्चियों की घर के बाहर से निकल रही बरसाती नाली में डूबने से मौत हो गई। दोनों बहनें नाली में बह गई और आगे बने रैंप के नीचे फंस गईं। जब तक लोगों को इसका पता चला, दोनों की पानी में डूबने के कारण मौत हो गई। घटना के वक्त बच्चियों की मां मजदूरी करने गई हुई थी, जबकि उनके पिता इन दिनों बिहार गए हुए है।
मजदूरी करके अपने छोटे बच्चों को पाल रहे थे रूदल और रीना
पुलिस के अनुसार, यह हादसा दुर्गा मंदिर नई बस्ती क्षेत्र में हुआ। मूलरूप से बिहार के खगड़िया जिले के छोटम पिपरा गांव निवासी रुदल सदा यहां क्लेमेंटटाउन नई बस्ती में पत्नी रीना व छोटे बच्चों के साथ रह रहे थे। दोनों पति-पत्नी मेहनत मजदूरी करके परिवार पाल रहे है। रूदल इन दिनों किसी काम से बिहार स्थित अपने गांव गए हुए है। घर में पत्नी रीना, दोनों बेटी सात वर्षीय लक्ष्मी व तीन वर्षीय सोनाक्षी और बेटा ही थे।
हादसे के बाद से मां-बेटे बदहवास, बच्चियों के पिता गए हुए है बिहार
पुलिस के अनुसार, दोपहर करीब एक बजे दोनों बच्चियां घर के बाहर से पानी की निकासी के लिए बनाई गई नाली में डूब गईं। कुछ आगे तक बह कर वे वहां बने रैप के नीचे फंस गई। जब कुछ देर बाद उनकी मां रीना ने अन्य लोगों के साथ खोजबीन शुरू की तो बड़ी पुत्री के पैर रैंप के नीचे दिखाई दिए। इसके बाद लोगों की सहायता से उन्हें बाहर निकाल कर अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने दोनों बहनों को मृत घोषित कर दिया। बच्चियों के साथ हुए हादसे से उनकी मां और भाई बदहवास है। आसपास के लोग उन्हें ढाढस बंधाने पहुंच रहे हैं। बस्ती में घटना के बाद से शोक व्याप्त है।

