बच्चों की सुरक्षा के संबंध में स्कूलों और अभिभावकों के लिए जारी होगी गाइड लाइन, डीएम ने दुर्घटना की आशंका वाले स्थान चिह्नित करने के भी दिए निर्देश
देहरादून। जिले में प्रशासन बच्चों की सुरक्षा के प्रति अलर्ट हो गया है। डीएम डॉ. आशीष चौहान ने बच्चों की सुरक्षा के दृष्टिगत ऐसे असुरक्षित स्थलों को चिह्नित करने के निर्देश दिए है, जहां दुर्घटना की आशंका हो। इसके साथ ही उन्होंने जिला कार्यक्रम अधिकारी (डीपीओ) को अभिभावकों और विद्यालयों के लिए बच्चों की सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देश तैयार कर व्यापक स्तर पर प्रसारित करने के निर्देश भी दिए हैं।
सोमवार को कलेक्ट्रेट स्थित ऋषिपर्णा सभागार में आयोजित बैठक में डीएम ने विभिन्न विभागों के कार्यों व जनहित से जुड़े विषयों की विस्तृत समीक्षा की। सड़कों पर गड्ढों की समस्या की समीक्षा करते हुए उन्होंने संबंधित विभागों को शीघ्र सड़कों की मरम्मत का कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण व ध्वस्तीकरण के बाद जमा होने वाले मलबे को सड़कों पर न रखने के निर्देश देते हुए कहा कि ऐसे स्थलों की पहचान कर तत्काल मलबा हटाया जाए। इसी संदर्भ में उन्होंने बच्चों की सुरक्षा से संबंधित निर्देश भी दिए।
बैठक में डीएम ने निष्प्रयोज्य व अनुपयोगी सरकारी वाहनों की नीलामी की प्रक्रिया तेज करते हुए सभी कार्यालय परिसरों को डेंगू मुक्त बनाने के निर्देष दिए। इसके लिए नियमित साफ-सफाई, जलभराव की रोकथाम व कार्यालय परिसरों में स्थित पानी की टंकियों की समयबद्ध सफाई सुनिश्चित करने को कहा गया। बैठक में सीडीओ अभिनव शाह, एडीएम केके मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

