पहली बार कांवड़ मेले में साइबर कमांडो की तैनाती, सोशल मीडिया के जरिए गड़बड़ी फैलाने वालों पर 24 घंटे रहेगी नजर
हरिद्वार/ऋषिकेश। हरिद्वार में प्रशासन और पुलिस ने कांवड़ मेले के दौरान पहली बार सोशल मीडिया पर नजर रखने के लिए साइबर कमांडो तैनात किए हैं। ये साइबर कमांडो भ्रामक, फर्जी और एआई जनरेटेड वीडियो पर तत्काल कार्रवाई करेंगे।
हरिद्वार प्रेस क्लब में सोमवार को आयोजित संवाद कार्यक्रम में डीएम मयूर दीक्षित और एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने कांवड़ मेले को निर्विघ्न संपन्न कराने के लिए की गई तैयारियों का ब्योरा दिया। डीएम दीक्षित ने कहा कि जिला प्रशासन व संबंधित विभागों ने कांवड़ मेले के सफल आयोजन के लिए सभी व्यवस्थाए पूरी कर ली हैं। यहां आने वाले शिव भक्तों को कोई परेशानी न हो, इसके लिए सेक्टर वाईज अधिकारियों की भी तैनाती की गई है। जहां भी व्यवस्थाओं में कमी होगी उन व्यवस्थाओं को तत्काल दूरस्त किया जाएगा।
बड़ी संख्या में हरिद्वार पहुंचने लगे हैं कांवड़िए, एनएच के कार्यों के कारण प्रशासन के समक्ष अतिरिक्त चुनौतियांः डीएम
डीएम ने कहा कि कांवड़ मेला-2026 प्रारंभ हो चुका है और बड़ी संख्या में शिवभक्त हरिद्वार पहुंचने लगे हैं। कई कांवड़िये गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर लौट रहे है। उन्होंने कहा कि इस बार मानसून और विभिन्न विकास कार्यों के चलते मेला प्रशासन के सामने अतिरिक्त चुनौतियां हैं। एक ओर राष्ट्रीय राजमार्गों पर निर्माण कार्य चल रहे हैं तो दूसरी ओर कुंभ-2027 की तैयारियां भी जारी हैं। इन परिस्थितियों के बीच करोड़ों श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं को सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि 15 अगस्त तक मेला अवधि के दौरान प्रशासन पूरी सतर्कता के साथ कार्य करेगा।
शांति भंग करने और डीजे वाहनों के लिए निर्धारित मापदंडों का उल्लंघन करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई: एसएसपी
एसएसपी भुल्लर ने कहा कि कांवड़ मेले का स्वरूप लगातार बदल रहा है और उसी अनुरूप पुलिस की रणनीति भी आधुनिक बनाई गई है। उन्होंने बताया कि दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे को कांवड़ यात्रा से अलग रखा जाएगा, जबकि श्रद्धालु मेरठ-दिल्ली एक्सप्रेसवे के माध्यम से यात्रा करेंगे। इस संबंध में विभिन्न राज्यों के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित किया जा चुका है। उन्होंने स्पष्ट किया कि डीजे वाहनों को निर्धारित सीमा के भीतर ही रखा जाएगा। यदि डीजे वाहन निर्धारित मापदंडों का उल्लंघन करते हैं या शांति व्यवस्था भंग करते हैं तो उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई होगी। पिछले वर्ष नियमों का उल्लंघन करने वालों को पहले ही नोटिस जारी किए जा चुके हैं।
सोशल मीडिया पर सामान्य भ्रामक वीडियो 36 घंटे और एआई जेनरेटेड फर्जी वीडियो 3 घंटे के भीतर कराया जाएगा डिलीट
एसएसपी ने सोशल मीडिया निगरानी को लेकर कहा कि इस बार पहली बार साइबर कमांडो मेले के दौरान सक्रिय रहेंगे। सोशल मीडिया पर वायरल होने वाले भ्रामक, फर्जी अथवा समाज में भ्रम फैलाने वाले वीडियो पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि सामान्य भ्रामक वीडियो को 36 घंटे के भीतर, जबकि एआई जनरेटेड फर्जी वीडियो को लगभग 3 घंटे के भीतर हटाने की कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित किया गया है।
ऋषिकेश में देहरादून, टिहरी और पौड़ी से कांवड़ ड्यूटी पर आई पुलिस फोर्स को एडीजी ने किया ब्रीफ
वहीं दूसरी ओर, ऋषिकेश में अपर पुलिस महानिदेषक (कानून-व्यवस्था) वी. मुरूगेषन ने कांवड़ ड्यूटी के लिए तैनात देहरादून, पौड़ी व टिहरी जिले की पुलिस फोर्स की उनकी ड्यूटी के संबंध में ब्रीफिंग की। एडीजी व अन्य आला अधिकारियों ने फोर्स को अपने ड्यूटी प्वांइट व उसकी महत्ता के संबंध में अच्छी तरह से जानकारी प्राप्त कर लेने, ड्यूटी के दौरान अपना व्यवहार संयमित एवं मृदुल रखते हुए यात्रा में आने वाले सभी श्रद्वालुओं का मार्गदर्शन और यथासंभव सहायता करने, पूर्व में चिह्नित किए गए पार्किंग स्थलों में ही यात्रियों के वाहनों को पार्क करवाने, कांवड मेला मार्ग पर लगने वाली अस्थायी दुकानों व बाहर से व्यवसाय के लिए आए लोगों का विधिवत सत्यापन करने, ड्यूटी के दौरान सभी पुलिस कर्मियों को अपने आप को शारीरिक व मानसिक रूप से दृढ रखते हुए मेले के दौरान प्रत्येक गतिविधि पर पैनी नजर रखने के निर्देष दिए गए। ब्रीफिंग में आईजी (गढ़वाल), डीआईजी ( अपराध एवं कानून व्यवस्था ) के साथ ही देहरादून, टिहरी व पौडी के एसएसपी भी मौजूद रहे।

