स्वास्थ्य मंत्री के आवास के बाहर महिला बेरोजगार नर्सिंग अधिकारी ने पिया फिनायल, हालत बिगड़ी, अस्पताल में भर्ती
देहरादून। राजधानी के यमुना कॉलोनी स्थित स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल के आवास के बाहर बुधवार शाम उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक महिला बेरोजगार नर्सिंग अधिकारी ने मांग पूरी न होने पर फिनाइल पीकर जान देने की कोशिश की। मौके पर प्रदर्शन में शामिल अन्य नर्सिंग अधिकारियों और पुलिस ने उन्हें आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
आवास के गेट के समक्ष धरने पर बैठी प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति कार्यकर्ताओं समेत हिरासत में
इस घटना के बाद महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला मंत्री आवास के गेट के समक्ष धरने पर बैठ गईं, जिन्हें पुलिस ने हिरासत में ले लिया। नर्सिंग एकता मंच से जुड़े बेरोजगार नर्सिंग अधिकारी पिछले करीब एक वर्ष से आंदोलित हैं। सरकार की ओर से उन्हें आश्वासन तो मिले, मगर उन पर अमल नहीं हुआ। इस बीच, स्वास्थ्य विभाग ने 25 और 26 जुलाई को नर्सिंग भर्ती परीक्षा कराने की तिथि घोषित की है। इससे मंच से जुड़े बेरोजगार नर्सिंग अधिकारी आक्रोशित हैं।
प्रस्तावित भरती परीक्षा रद्द कर वर्षवार नियुक्ति की मांग को लेकर आंदोलित हैं बेरोजगार नर्सिंग अधिकारी
मंच प्रस्तावित भरती परीक्षा को तत्काल निरस्त करने और उसके स्थान पर नर्सिंग अधिकारियों की वरिष्ठता के आधार पर वर्षवार भर्ती करने की मांग कर रहा है। मंगलवार रात वे मुख्यमंत्री आवास पहुंचे, जहां पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया।
मंत्री से मिले, पत्र में उपहास का आरोप लगाते हुए दिया आत्महत्या का अल्टीमेटम
बुधवार सुबह वे काफी संख्या में एकत्र होकर स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल के सरकारी आवास पर पहुंचे, जहां मंच के प्रतिनिधिमंडल की मंत्री से मांगों को लेकर मुलाकात हुई, लेकिन कोई बात नहीं बनी। इसके बाद मंच की ओर से तमाम हस्ताक्षरों से युक्त पत्र जारी किया गया। मंत्री को संबोधित इस पत्र में आरोप लगाया गया कि उन्होंने (स्वास्थ्य मंत्री) मांगों पर उपहास उड़ाते हुए आवास से निकाल दिया, जिस कारण उन सभी को गहरा मानसिक आघात पहुंचा है और वे आत्महत्या को मजबूर हो गए हैं। पत्र में किसी भी अनहोनी की स्थिति में मंत्री और सरकार को जिम्मेदार बताया गया है। इसके बाद बेरोजगार नर्सिंग अधिकारी आवास के बाहर ही डेट रहे। काफी पुलिस फोर्स भी मौके पर तैनात रहा।
तीन अन्य महिलाओं को फिनायल पीने के प्रयास से पहले ही कर लिया गया काबू
शाम चार बजे बाद अचानक एक महिला नर्सिंग अधिकारी ने बोतल निकाली और फिनायल गटक लिया। तभी बोतल छीन कर उसे अन्य नर्सिंग अधिकारियों और पुलिस ने काबू कर लिया। हालत बिगड़ने पर उसे दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिनायल पीने वाली नर्सिंग अधिकारी किरण रावत बताई गई है।
तीन अन्य महिला नर्सिंग अधिकारियों ने भी इसी तरह का प्रयास किया, लेकिन उन्हें पहले ही काबू कर लिया गया।
वहीं, बेरोजगार नर्सिंग अधिकारियों के समर्थन में महिला कांग्रेस की कार्यकर्ताओं ने भी मंत्री आवास के बाहर प्रदर्शन किया, जिन्हें पुलिस ने हिरासत में ले लिया। उनके साथ ही बेरोजगार नर्सिंग अधिकारियों को भी हिरासत में ले लिया गया।

