हिमालयन बंजी कंपनी का कर्मचारी हेंवल नदी में बहा, गजा तहसील क्षेत्रांतर्गत चाका का था निवासी
देहरादून। ऋषिकेश-बदरीनाथ नेशनल हाईवे पर स्थित शिवपुरी में बुधवार अपराह्न हिमालयन बंजी कंपनी का कर्मचारी हेंवल नदी में बह गया। कर्मचारी युवक की तलाश
में एसडीआरएफ, जल पुलिस व आपदा राहत दल ने देर शाम तक नदी में सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन सफलता नहीं मिली।
अपराह्न शिवपुरी क्षेत्र में हुआ हादसा, वर्तमान में रह रहा था ऋषिकेश से सटे चौदहबीघा क्षेत्र में
एसडीआरएफ के अनुसार, अपराह्न 3 बजकर 5 मिनट पर कंट्रोल रूम से सूचना मिली कि थाना मुनिकीरेती क्षेत्रांतर्गत शिवपुरी में हिमालयन बंजी कंपनी में कार्यरत एक कर्मचारी नदी में बह गया है। इस पर तत्काल ढालवाला एसडीआरएफ पोस्ट से खोच एवं बचाव उपकरणों के साथ टीम घटनास्थल पर पहुंची। मौके पर जानकारी मिली कि नदी में बहे युवक का नाम हरीश उनियाल पुत्र परमानंद उनियाल है, जो मूलरूप से टिहरी जिले की गजा तहसील क्षेत्रांतर्गत चाका के निवासी थे। 34 वर्षीय हरीश शिवपुरी की हिमालय बंजी कंपनी में कार्यरत थे और वर्तमान में ऋषिकेश से सटे टिहरी जिले के चौदहबीघा में रहते थे।
लखनऊ निवासी सहकर्मी के साथ गया था नदी में नहाने, सर्च टीमों को देर शाम तक नहीं मिला लापता युवक
एसडीआरएफ के अनुसार, बुधवार को हिमालयन बंजी कंपनी में कार्यरत हरीश उनियाल और एक अन्य कर्मी लखनऊ आलमबाग निवासी 40 वर्षीय बलजीत सिंह रेखी पुत्र नरेंद्र सिंह रेखी शिवपुरी में चौकी के नीचे हेंवल नदी में नहाने गए थे। इसी दौरान हरीश उनियाल अचानक अपना संतुलन खो बैठे और नदी की तेज धारा में बह गए। उन्हें बहता देख बलजीत सिंह रेखी ने इसकी सूचना आसपास के लोगों और पुलिस को दी। सूचना मिलते ही शिवपुरी चौकी पुलिस, जल पुलिस, आपदा राहत दल और एसडीआरएफ ने मौके पर पहुंचकर हरीश की तलाश शुरू की। देर शाम तक नदी में लापता युवक की तलाश की जा रही थी, लेकिन उनका कुछ पता नहीं चला।

