राजधानीआदेश-निर्देशजन समस्याराजकाज

डिफेंस कॉलोनी क्रॉसिंग पर जाम से मिलेगा छुटकारा, आरओबी निर्माण के लिए रेलवे करा रहा फिजिबिलिटी जांच

देहरादून। विधानसभा से सटे राजधानी के प्रमुख आवासीय क्षेत्र डिफेंस कॉलोनी में व्यस्त रहने वाले मार्ग पर रेलवे क्रांसिंग के कारण बार-बार लगने वाले जाम से निकट भविष्य में छुटकारा मिलने की उम्मीद है। इसकी वजह यह है कि रेल मंत्रालय ने यहां लेवल क्रासिंग के स्थान पर रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) के निर्माण की दिशा में शुरूआती कदम उठाया है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इस संबंध में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को आरओबी निर्माण के प्रति आष्वस्त करते हुए अवगत कराया है कि इसकेे लिए फिजिबिलिटी जांच कराई जा रही है।

पिछले कुछ वर्षों में लगातार व्यस्त हुआ है सैन्य अधिकारियों का सबसे बड़ा आवासीय क्षेत्र

मुख्यतः पूर्व व वर्तमान सैन्य अधिकारियों के सबसे बड़े आवासीय क्षेत्र डिफेंस कॉलोनी स्थित रेलवे क्रांसिंग से पिछले कुछ वर्षों से ट्रैफिक का मूवमेंट काफी बढ़ गया है। डिफेंस कॉलोनी से सटे कई क्षेत्रों के आबाद होने के बाद वहां के लोगों की आवाजाही भी डिफेंस कॉलोनी मार्ग से होती है। विधानसभा बनने के बाद से पिछले 26 वर्षों में इस पूरे क्षेत्र का काफी विस्तार हुआ है। वहीं दूसरी ओर देहरादून से ट्रेनों की संख्या में इजाफा होने से डिफेंस कॉलोनी का रेलवे क्रॉसिंग भी दिनभर व्यस्त रहता है। ऐसे में यहां बार-बार जाम का सामना लोगों को करना पड़ रहा है।

मुख्यमंत्री ने किया था केंद्र से आग्रह, रेलमंत्री ने दिया व्यवहार्यता जांच के बाद निर्माण की दिशा में कार्रवाई का आश्वासन

क्षेत्र में बढ़ते ट्रैफिक और लोगों की दिक्कतों के देखते हुए मुख्यमंत्री धामी ने रेल मंत्री वैष्णव से डिफेंस कॉलोनी मोटर मार्ग पर किलोमीटर-1 स्थित रेलवे लेवल क्रॉसिंग पर आरओबी के निर्माण का आग्रह किया था। रेल मंत्री ने इस आग्रह पर मुख्यमंत्री को अवगत कराया है कि उक्त स्थान पर आरओबी निर्माण की फिजिबिलिटी (व्यवहार्यता) की जांच कराई जा रही है। फिजिबिलिटी सर्वे पूरा होने के उपरांत आरओबी निर्माण के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। रेलवे की ओर से व्यवहार्यता जांच शुरू किए जाने से क्षेत्रवासियों को रेलवे क्रॉसिंग पर आवागमन की सुविधा और यातायात व्यवस्था में सुधार की दिशा में सकारात्मक उम्मीद जगी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *