खेल-खिलाड़ीविविधस्कूल

बालक वर्ग में सेंट जोसेफ्स और बालिका वर्ग में सेंट ज्यूड्स बने 26वीं जीपीएल के विजेता

देहरादून। सेंट थॉमस कॉलेज की ओर से आयोजित 26वीं गार्डनर प्रीमियर लीग (जीपीएल) के बालक वर्ग में सेंट जोसेफ्स एकेडमी और बालिका वर्ग में सेंट ज्यूड्स स्कूल ने विजेता का खिताब कब्जाया।

 25 अप्रैल से आरंभ हुई लीग में शहर के विभिन्न स्कूलों की 19 टीमों ने बालक वर्ग और 10 टीमों ने बालिका वर्ग में दम दिखाया। शनिवार को जीपीएल के फाइनल खेले गए। बालिका वर्ग में मेजबान सेंट थॉमस कॉलेज और सेंट ज्यूड्स स्कूल की टीमों के बीच खिताबी भिड़ंत हुई। सेंट थॉमस ने टॉस जीता और पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। रोमांच से भरपूर इस मुकाबले को सेंट ज्यूड्स ने एक रन से जीतकर खिताब अपने नाम किया। बालक वर्ग के फाइनल में सेंट ज्यूड्स स्कूल और सेंट जोसेफ एकेडमी में रोमांचक मुकाबला हुआ । सेंट ज्यूड्स ने टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। रोमांच से भरपूर मैच में सेंट जोसेफ एकेडमी ने एक विकेट से जीत दर्ज कर खिताब कब्जाया।

जय-पराजय को नहीं, खेल भावना को दें महत्व : वर्मा

विजेता टीमों को बतौर मुख्य अतिथि राज्य अन्य पिछडा वर्ग आयोग के पूर्व अध्यक्ष व नगर निगम के पूर्व नेता प्रतिपक्ष अशोक वर्मा ने ट्रॉफी प्रदान की। इस मौके पर उन्होंने कहा कि खेल में जय-पराजय को प्रधानता न देकर चित्त की प्रसन्नता को महत्व दिया जाना चाहिए। खेल कोई भी हो, उसे खेल भावना से ही खेला जाना चाहिए। वर्मा ने आशा व्यक्त की कि दून के सबसे पुराने स्कूलों में शामिल सेंट थॉमस शिक्षा के क्षेत्र में अपनी ख्याति के साथ निरंतर  आगे बढ़ता रहेगा।

सेंट थॉमस कॉलेज के प्रिंसिपल आरवी गार्डनर ने सभी का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर पूर्व एंग्लो इंडियन विधायक  जीआईजी मैन, सेंट ज्यूडस स्कूल की प्रबंधक वीआर गार्डनर, प्रिंसिपल मिशेल गार्डनर समेत कई प्रमुख लोग मौजूद रहे। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *