देवभूमि दर्शनधरोहरपर्यटन

जॉर्ज एवरेस्ट कॉर्टाेग्राफी म्यूजियम का पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने किया लोकार्पण

मसूरी। विश्व पर्यटन दिवस के मौके पर बुधवार को यहां स्थित हाथीपांव स्थित जॉर्ज एवरेस्ट एस्टेट में पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने कॉर्टाेग्राफी म्यूजियम का लोकार्पण किया। इसके साथ ही उन्होंने जॉर्ज एवरेस्ट एस्टेट स्थित हेलीपैड को महान भारतीय पर्वतारोही राधानाथ सिकदर को समर्पित किया।

विश्व पर्यटन दिवस के उपलक्ष्य में राज्य में विभिन्न स्थानों पर पर्यटन विभाग की ओर से कार्यक्रम आयोजित किए गए। मुख्य समारोह यहां आयोजित किया गया। समारोह में मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने सर जॉर्ज एवरेस्ट व राधानाथ सिकदर के किए पर्वतारोहण और सर्वे कार्यांें की सराहना करते हुए जॉर्ज एवरेस्ट कॉर्टाेग्राफी म्यूजियम को भारत के सभी महान पर्वतारोहियों को समर्पित किया। यह म्यूजियम अपने आप में एक अनूठा म्यूजियम है, जिसमें सर जॉज एवरेस्ट के किए ग्रेट आर्क ट्रिग्नोमेट्रिक सर्वे और भारतीय पर्वतारोहियों के लिए विभिन्न हिमालयी चोटियों के सर्वे को दर्शाया गया है। साथ ही सर्वे में प्रयोग होने वाले विभिन्न उपकरणों की भी जानकारी म्यूजियम में दी गई है।

पिथौरागढ़ के सरमोली को केंद्र से मिला सर्वश्रेष्ठ पर्यटक गांव का पुरस्कार

महाराज ने इस मौके पर जानकारी दी कि विश्व पर्यटन दिवस-2023 के अवसर पर भारत सरकार की ओर से आयोजित बेस्ट टूरिज्म विपेज प्रतियोगिता के अंतर्गत पिथौरागढ़ जिले में स्थित सरमोली गांव को सर्वश्रेष्ठ पर्यटक गांव का पुरस्कार प्रदान किया गया। इस प्रतियोगिता में भारत सरकार ने सभी राज्यों से पर्यटक ग्रामों की सूचना और प्रस्तुतिकरण का आवेदन मांगा था। प्रस्तुतिकरण में पर्यटक ग्रामों में पर्यटन से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों और पर्यटकों के लिए होम स्टे आदि सुविधाओं के बारे में जानकारी ली गई। भारत सरकार से यह पुरस्कार मिलना राज्य की ओर से पर्यटन में सामुदायिक भागीदारी का एक उत्कृष्ट उदाहरण है। मसूरी नगर पालिका के अध्यक्ष अनुज गुप्ता ने अपने संबोधन में यहां आने वाले पर्यटकों का इस संग्रहालय में स्वागत किया। साथ ही मसूरीवासियों से आग्रह किया कि वे यहां आने वाले पर्यटकों को इस नए पर्यटन स्थल के बारे में जानकारी दें। समारोह में उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद के अपर मुख्य कार्यकारी युगल किशोर पंत, होटल व होम स्टे एसोसिएशन के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *