उत्तराखंडअपराधराजधानीविविध

कड़े पहरे में किशोरी की शवयात्रा के साथ किया प्रदर्शन, पुलिस-प्रदर्शनकारियों में धक्का-मुक्की

देहरादून। रेसकोर्स में विधायक निवास के बाहर स्थित फ्लैट में हुई किशोरी की मौत के मामले में हत्या की धारा-302 को हटाकर पुलिस ने धारा-305 (आत्महत्या के लिए विवश करना) के तहत आरोपी फ्लैट स्वामी व उसके ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है। इस बीच, शुक्रवार को दिनभर चले बवाल और पुलिस व भीड़ के बीच धक्का-मुक्की के बाद अंतत: किशोरी के शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।

पुलिस ने हत्या और पोक्सो की धारा हटाई, खुदकुशी के लिए विवश करने की धारा जोड़ी

बीते वीरवार को रेसकोर्स स्थित लूथरा परिवार के फ्लैट के बाथरूम में उनकी 15 वर्षीय मेड संदिग्ध हालात में मृत पाई गई थी। इसकी जानकारी मिलने पर किशोरी के परिजनों और क्षेत्र के लोगों ने जमकर हंगामा किया। विधानसभा के अंदर सदन की कार्यवाही के दौरान भी यह मामला गूंजा। दिनभर चले बवाल के बाद पुलिस ने तीन डॉक्टरों के पैनल से उसके शव का पोस्टमार्टम करवाया। पुलिस का दावा है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सेक्सुअल एसॉल्ट या किसी बाहरी चोट की पुष्टि नहीं हुई। मृत्यु का कारण सुसाइडल हैंगिंग होना पाया गया। पुलिस ने किशोरी के परिजनों की तहरीर के आधार पर थाना नेहरू कॉलोनी में फ्लैट स्वामी अभिषेक उर्फ राजा लूथरा, उसकी पत्नी व एक अन्य अज्ञात के खिलाफ धारा-302, 323, 354, 342, 7/8 पोक्सो एक्ट व 3(क)/4 बाल श्रम प्रतिशेध अधिनियम-1986 दर्ज किया था। 

किशोरी की संदिग्ध हालत में मौत के मामले में आरोपी और उसका ड्राइवर गिरफ्तार

शुक्रवार को पुलिस ने हत्या, पोक्सो एक्ट और छेड़छाड़ की धारा को हटा दिया। इसकी जगह धारा-305 लगाई गई है। एसएसपी अजय सिंह के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों  के आधार पर धारा-305, 323, 342, 120-बी व 3/14 बाल श्रम प्रतिषेध अधिनियम-1986 में आरोपी अभिषेक लूथरा उर्फ राजा पुत्र विक्रम लूथरा निवासी डी-92 रेसकोर्स और उसके ड्राइवर राजीव कुमार पुत्र राकेश निवासी कंडोली राजीव नगर को गिरफ्तार कर लिया गया है। 

भीड़ ने जानकारी जुटाने पहुंचे एलआईयू कर्मी के साथ कर दी हाथापाई, किशोरी के शव का लक्खीबाग में अंतिम संस्कार

वहीं, शुक्रवार को किशोरी का शव घर पहुंचते ही काफी संख्या में वहां भीड़ जुट गई। बताया गया कि इसी दौरान जानकारी जुटाने पहुंचे एक एलआईयू कर्मी के साथ लोगों ने हाथापाई कर दी। इसकी जानकारी मिलने और भीड़ को देखते हुए धर्मपुर क्षेत्र स्थित बस्ती में दो सीओ की अगुआई में कई थानों का फोर्स तैनात कर दिया गया। दोपहर किशोरी की शवयात्रा लक्खीबाग के लिए निकली। इस दौरान लोगों ने जगह-जगह रुककर शव के साथ प्रदर्शन किया। पुलिस ने शव को एंबुलेंस में रखवाने का प्रयास किया, तो भीड़ भड़क उठी। इस दौरान धक्कामुक्की भी हुई। हालांकि, बाद में पुलिस ने शव को भीड़ के साथ ही लक्खीबाग जाने दिया, जहां दोपहर उसका अंतिम संस्कार किया गया। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *