प्रधानमंत्री ने उत्तराखंड की पहली वंदेभारत ट्रेन को दिखाई हरी झंडी
नई दिल्ली/देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीरवार को देहरादून-दिल्ली के बीच संचालित पहली वंदेभारत एक्सप्रेस ट्रेन को नई दिल्ली से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके साथ ही उत्तराखंड में रेलवे का शत-प्रतिशत विद्युतीकरण पूरा होने पर इसे राष्ट्र को समर्पित किया। इस मौके पर प्रधानमंत्री ने कहा कि वंदे भारत ट्रेन उत्तराखंडवासियों के लिए भव्य उपहार साबित होगी। इससे पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। वंदेभारत देश के सामान्य परिवारों की पहली पसंद बनती जा रही है। उन्होंने कहा कि जिस कनेक्टिविटी के लिए उत्तराखंड को वर्षों इंतजार करना पड़ा, वह इंतजार उनकी सरकार ने समाप्त कर दिया है।

ट्रैक का देश में 90 फीसदी और उत्तराखंड में 100 प्रतिशत विद्युतीकरण पूरा
प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछली सरकारों का ध्यान घोटालों पर रहा। यही वजह है कि साल-2014 तक देश के एक तिहाई रेलवे ट्रैक का ही विद्युतीकरण हो पाया था। साल-2014 से पूर्व सालभर में 600 किलोमीटर ही रेलवे ट्रैक का विद्युतीकरण हो पाता था, लेकिन अब हर साल 6000 किलोमीटर से ज्यादा का विद्युतीकरण हो रहा है। देश में करीब 90 प्रतिशत रेलवे ट्रैक विद्युतीकृत किया जा चुका है। जबकि, उत्तराखंड में यह शत-प्रतिशत हो चुका है। यह इसलिए संभव हो पा रहा है क्योंकि अब सही विकास की नीयत भी है, नीति भी है और निष्ठा भी।
प्रदेश के विकास के लिए प्रतिबद्ध है डबल इंजन सरकारः मोदी
प्रधानमंत्री ने कहा कि साल-2014 से पहले के पांच सालों में उत्तराखंड में रेलवे के लिए औसतन 200 करोड़ से भी कम बजट मिलता था। इतना दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र, रेलवे का अभाव और बजट 200 करोड़ से भी कम। उन्होंने कहा कि इस साल उत्तराखंड का रेल बजट 5 हजार करोड़ रूपये है। मोदी ने कहा कि डबल इंजन सरकार उत्तराखंड के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उत्तराखंड का तेज विकास, भारत के तेज विकास में भी मदद करेगा। देश अब रूकेगा नहीं, वंदेभारत की रफ्तार से आगे बढ़ रहा है।

दूसरी ओर, देहरादून रेलवे स्टेशन पर आयोजित समारोह में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, कृषि मंत्री गंणेश जोशी, वन मंत्री सुबोध उनियाल ने भी संबोधित किया। राज्यपाल गुरमीत सिंह भी समारोह में मौजूद रहे। प्रधानमंत्री के हरी झंडी दिखाने के बाद ट्रेन स्टेशन से रवाना हुई। हालांकि, इसका नियमित संचालन 29 मई से शुरू होगा।

6 दिन संचालन, 5 स्टॉपेज और समय पौन 5 घंटे
देहरादून-दिल्ली (आनंद विहार) के बीच का सफर वंदेभारत एक्सप्रेस करीब पौने 5 घंटे में पूरा करेगी। यह ट्रेन वीरवार से मंगलवार तक प्रत्येक सप्ताह में 6 दिन संचालित होगी। बुधवार को इसका संचालन नहीं होगा। देहरादून से सुबह 7 बजे रवाना होकर यह पूर्वाह्न 11ः45 बजे आनंद विहार पहुंचेगी। वहां से इसकी वापसी शाम 5ः20 बजे होगी और देहरादून यह रात 10ः20 बजे पहुंचेगी। देहरादून और आनंद विहार के बीच यह सिर्फ 5 स्टेशनों-हरिद्वार, रूड़की, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर और मेरठ में रूकेगी। ट्रेन की अधिकतम स्पीड 110 किलोमीटर प्रतिघंटा होगी, जबकि औसत स्पीड करीब 63 किलोमीटर प्रतिघंटा।

